प्रथम टुडे जबलपुर, 13 फरवरी 2026।
हनुमानताल थाना क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का उदाहरण सामने आया है। चौकी प्रेमसागर के पास दुर्गा मंदिर के निकट रोती हुई मिली एक 5 वर्षीय बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके परिजनों से मिलवा दिया।
थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल के अनुसार, आज सूचना प्राप्त हुई कि प्रेमसागर चौकी क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक 4-5 वर्ष की बच्ची रोती हुई खड़ी है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी प्रेमसागर उप निरीक्षक महेन्द्र बेन स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में बच्ची ने अपना नाम दीपाली तथा माता-पिता के नाम क्रमशः रानी और मनीष बताया, लेकिन वह अपने घर का पता नहीं बता सकी।
मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम को दी गई। कंट्रोल रूम द्वारा वायरलेस के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थानों को सूचना प्रसारित की गई।
इसके बाद उप निरीक्षक महेन्द्र बेन द्वारा बच्ची को साथ लेकर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की गई। पतासाजी के दौरान भानतलैया क्षेत्र में एक महिला मिली, जिसने अपना नाम श्रीमति रानी बंसल बताया और बच्ची को अपनी पुत्री दीपाली (उम्र 5 वर्ष) के रूप में पहचान की। महिला ने बताया कि वह मूल रूप से ग्राम मंगवा बांधकर, थाना मनगांव जिला रीवा की निवासी है और वर्तमान में भानतलैया स्थित रिश्तेदार के घर आई हुई थी। लगभग डेढ़-दो घंटे पहले बच्ची खेलते-खेलते घर से निकल गई थी, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे।
पुलिस द्वारा आवश्यक पुष्टि के बाद बालिका को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया तथा परिजनों को बच्ची का विशेष ध्यान रखने की समझाइश दी गई।
परिजनों से बिछड़ी अबोध बालिका को सुरक्षित मिलाने में चौकी प्रभारी प्रेमसागर उप निरीक्षक महेन्द्र बेन एवं आरक्षक मस्तराम मरावी की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment