‘पति-पत्नी और वो’ का हाईवोल्टेज ड्रामा: बीच सड़क वर्दीधारी आरक्षक की पिटाई, ओमती में घंटों हंगामा - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, February 13, 2026

‘पति-पत्नी और वो’ का हाईवोल्टेज ड्रामा: बीच सड़क वर्दीधारी आरक्षक की पिटाई, ओमती में घंटों हंगामा



प्रथम टुडे 

जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथित प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के चलते एक वर्दीधारी पुलिस आरक्षक की बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला एक महिला, उसके परिजनों और संबंधित आरक्षक के बीच चल रहे निजी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि महिला के परिजन गुस्से में आ गए और उन्होंने वर्दी पहने आरक्षक को सरेराह पकड़कर मारना शुरू कर दिया। बीच सड़क हुई इस घटना को देखने के लिए राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित आरक्षक तथा दूसरे पक्ष के लोगों को ओमती थाने ले आई। थाने में दोनों पक्षों के बीच देर तक तीखी बहस और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, पूरा घटनाक्रम प्रेम संबंध और पारिवारिक तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि करने से बच रही है। खास बात यह है कि पुलिस विभाग फिलहाल आरक्षक और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला संवेदनशील प्रकृति का है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और संबंधित व्यक्तियों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।

घटना के बाद क्षेत्र में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसे वर्दी की साख से जोड़कर भी देख रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन मामले को शांतिपूर्वक और निष्पक्ष तरीके से सुलझाने में जुटा हुआ है।

No comments:

Post a Comment