प्रथम टुडे
जबलपुर। दादा ईश्वरदास रोहाणी सेवा समिति द्वारा आयोजित श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कथा के पहले दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। कथा वाचक स्वामी अशोकानंद जी महाराज के सानिध्य में भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
अपने प्रवचन में स्वामी अशोकानंद जी महाराज ने शिव महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि शिवपुराण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन में संयम, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाने वाला दिव्य ज्ञान है। उनके प्रेरक और ओजस्वी विचारों से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में विधायक अशोक रोहाणी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में नैतिक मूल्यों, एकता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने समिति के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।
इस अवसर पर राजस्थान के भीलवाड़ा से पधारे स्वामी हंसराज जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि कलियुग में भगवान शिव की भक्ति मोक्ष प्राप्ति का सरल मार्ग है और अधिक से अधिक लोगों से कथा श्रवण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में समिति पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच से अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। आगामी दिनों में कथा में और अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

No comments:
Post a Comment