4 चाकू और बिना नंबर की एक्टिवा जब्त, मुख्य आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
प्रथम टुडे
जबलपुर, बरेला/गौर चौकी। सालीवाड़ा स्थित पेट्रोल पंप पर मुफ्त पेट्रोल नहीं देने पर कर्मचारी से मारपीट और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार चाकू और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 को ग्राम परसवारा निवासी 20 वर्षीय अंशुल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सालीवाड़ा पेट्रोल पंप पर काम करता है। इसी दौरान स्कूटी और मोटरसाइकिल से आए युवकों ने तीनों वाहनों में 5-5 लीटर पेट्रोल मुफ्त भरने की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने अंशुल पटेल और उसके साथी मुकुंदराव जाधव के साथ मारपीट की। इस दौरान शुभम सेन ने चाकू से हमला कर अंशुल के हाथ में चोट पहुंचाई, जबकि मुकुंदराव के सिर में भी चोट आई। आरोपियों ने पेट्रोल पंप कार्यालय पर पत्थर फेंककर खिड़कियों के कांच तोड़ दिए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और डीएसपी (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरेला के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने कटियाघाट श्मशान घाट क्षेत्र में घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
प्रशांत पासी (23) निवासी बिलहरी
शनि बढ़ेल (19) निवासी कजरवारा
युसुफ तिर्की (23) निवासी कजरवारा
शरद मेहतो (20) निवासी कटियाघाट
चारों के पास से एक-एक चाकू बरामद किया गया। साथ ही प्रशांत पासी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा जब्त की गई।
चारों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी प्रशांत पासी के खिलाफ पहले से अवैध वसूली, मारपीट, आबकारी और आर्म्स एक्ट के करीब 12 मामले दर्ज हैं, जबकि शनि बढ़ेल के खिलाफ भी पूर्व में चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
थाना प्रभारी बरेला अनिल पटेल, चौकी प्रभारी गौर उप निरीक्षक टेकचंद शर्मा, सहायक उप निरीक्षक सोमनाथ अहिरवार, मुकेश पठारिया, देवेंद्र प्रजापति सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment