पुलिस ने निकाला पैदल मार्च, क्षेत्र में बढ़ाई सुरक्षा
प्रथम टुडे
जबलपुर। माढ़ोताल थाना पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की आशंका के बीच कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में पैदल मार्च (जुलूस) निकाला, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके और असामाजिक तत्वों में पुलिस कार्रवाई का संदेश जाए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कटंगी बायपास चौराहे पर दो संदिग्ध व्यक्तियों के किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में खड़े होने की सूचना मुखबिर के माध्यम से प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी नीरज जैन के कब्जे से एक पिस्टल बरामद की गई। पूछताछ में उसके साथ मौजूद उसका भाई अखिल जैन भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाया गया, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र पवार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से ही करीब आधा दर्जन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों का क्षेत्र में पैदल मार्च कराया। इस कार्रवाई का उद्देश्य आम जनता में विश्वास बढ़ाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:
Post a Comment