“हाई रिटर्न के नाम पर 2.27 करोड़ की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार” - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, February 9, 2026

“हाई रिटर्न के नाम पर 2.27 करोड़ की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार”

 


साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा देकर 2.27 करोड़ की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

प्रथम टुडे 

जबलपुर। शेयर बाजार में निवेश पर प्रतिदिन 5 प्रतिशत और लंबी अवधि में 500 प्रतिशत तक रिटर्न दिलाने का लालच देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को साइबर सेल एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में दबिश देकर पकड़ा गया है।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा साइबर फ्रॉड और आर्थिक अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) अंजुल अयंक मिश्रा के निर्देशन तथा निरीक्षक प्रतीक्षा मार्को के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम

जबलपुर की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर उसे प्रतिदिन 5 प्रतिशत रिटर्न और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक लाभ का प्रलोभन दिया। आरोपियों ने शॉर्ट टर्म कैपिटल गेन और लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन के साथ-साथ सस्ते दर पर बल्क ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का दावा किया।

लालच में आकर महिला ने अलग-अलग चरणों में कुल 2 करोड़ 27 लाख रुपये निवेश कर दिए। बाद में न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई। शिकायत पर अपराध थाना में अपराध क्रमांक 05/2025 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।

दो राज्यों में दबिश, आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर टीम ने आरोपियों की पहचान की।

नसीर अहमद शेख (55 वर्ष), निवासी बांदीपुर, जम्मू-कश्मीर

मोहम्मद अजहर (25 वर्ष), निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश

दोनों आरोपियों को उनके ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया और पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ठगी की रकम में से लगभग 45 लाख रुपये उनके खातों में ट्रांसफर हुए थे, जिसे बाद में गिरोह के सरगना के खातों में भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है।

टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रतीक्षा मार्को के निर्देशन में साइबर सेल के उप निरीक्षक नीरज सिंह नेगी, उप निरीक्षक उषा विश्वकर्मा, क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा तथा आरक्षक मनोज चौधरी और जितेंद्र राऊत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment