मॉडिफाइड साइलेंसर का वीडियो डालना पड़ा महंगा, युवक पर कार्रवाई - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, February 9, 2026

मॉडिफाइड साइलेंसर का वीडियो डालना पड़ा महंगा, युवक पर कार्रवाई

प्रथम टुडे 

जबलपुर।  सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर मॉडिफाइड साइलेंसर वाली मोटरसाइकिल चलाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक के खिलाफ चालानी कार्रवाई की और वाहन से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवा दिया।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से जिले भर में नियमित रूप से चेकिंग प्वाइंट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के तहत सभी थाना प्रभारी और राजपत्रित अधिकारियों को शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना नंबर या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, हथियारों का प्रदर्शन, वाहनों पर स्टंट या नियमों का उल्लंघन करते हुए वीडियो अपलोड करने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में सोशल मीडिया सेल की निगरानी के दौरान एक युवक द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिल चलाते हुए उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाना सामने आया। टीम ने पतासाजी कर युवक की पहचान विश्वमोहन अरखेल (26 वर्ष) निवासी व्योहारबाग, बेलबाग के रूप में की।

बेलबाग थाना पुलिस ने युवक को उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडबी 7760 सहित पकड़कर थाने लाया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 1,000 रुपये का समन शुल्क वसूला। साथ ही वाहन में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही निकलवा दिया गया।

सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशानुसार जबलपुर साइबर सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर (एक्स), इंस्टाग्राम और यूट्यूब आदि की लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार का नियम उल्लंघन, स्टंट या भ्रामक सामग्री अपलोड करने से बचें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

No comments:

Post a Comment