प्रथम टुडे
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोकलपुर में देर रात वाहन टक्कर के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें चाकू से हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान एकांश साहू (35 वर्ष) निवासी गोकलपुर के रूप में हुई है, जो फर्नीचर का काम करता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय एकांश अपनी क्रेटा कार से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी कार की टक्कर एक मोटरसाइकिल सवार युवक से हो गई।
दोस्तों को बुलाकर किया हमला
टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मोटरसाइकिल सवार युवक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने गाली-गलौज करते हुए विवाद को बढ़ा दिया और एकांश साहू पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल एकांश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घेराबंदी तेज की
थाना प्रभारी उमेश गोहलानी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने कहा कि,
“
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
क्षेत्र में कानून व्यवस्था में आया सुधार
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से थाना प्रभारी उमेश गोहलानी ने रांझी थाने का प्रभार संभाला है, क्षेत्र में कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई से अपराधियों पर लगाम कसी गई है और असामाजिक तत्वों पर सख्ती बढ़ी है। इस घटना को लेकर भी पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है।
क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई
घटना के बाद गोकलपुर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment