प्रथम टुडे
जबलपुर।मां नर्मदा के पावन तट पर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ जबलपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय दो कुख्यात शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। कार्रवाई के तहत विशाल यादव एवं राज यादव, दोनों सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से अपने गुर्गों के माध्यम से अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त थे।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के विरुद्ध पहले भी कई बार शिकायतें प्राप्त हुई थीं। उन्हें पुलिस द्वारा कई बार चेतावनी (तड़ीपारी/देबिश) भी दी गई थी, बावजूद इसके वे लगातार पुलिस की निगरानी से बचते हुए अवैध शराब का कारोबार संचालित कर रहे थे।
आज की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध शराब की खेप जब्त की। इसके बाद जब उनके घर की तलाशी ली गई, तो वहां से एक तलवार भी बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से रखा गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विशाल यादव धारा 302 (हत्या) के प्रकरण में आरोपी रह चुका है और वर्तमान में जमानत पर है। वहीं दोनों भाइयों के विरुद्ध गोरखपुर थाना एवं ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री से जुड़े कई पुराने प्रकरण पहले से दर्ज हैं।
क्षेत्र में इनके बढ़ते आतंक और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने जुलूस निकालकर स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में नगर पुलिस उप अधीक्षक एम.डी. नागोतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मां नर्मदा के तट पर शराब एवं मांस-मदिरा का सेवन और विक्रय पूर्णतः प्रतिबंधित है। धार्मिक और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त निगरानी कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में थाना गोरखपुर प्रभारी नितिन कमल एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही, जो लगातार आरोपियों पर नजर बनाए हुए थी और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई कर सफलता प्राप्त की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नर्मदा तट और शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment