कलेक्ट्रेट के मेन गेट के सामने अधिवक्ता से मोबाइल लूट, बेखौफ बदमाश फरार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, February 3, 2026

कलेक्ट्रेट के मेन गेट के सामने अधिवक्ता से मोबाइल लूट, बेखौफ बदमाश फरार

 

व्यस्ततम इलाके में वारदात से हड़कंप, CCTV में कैद हुए लुटेरे

अधिवक्ताओं में रोष, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

प्रथम टुडे

जबलपुर।शहर के सबसे सुरक्षित और व्यस्त माने जाने वाले क्षेत्र जबलपुर कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के ठीक सामने उस वक्त अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक अधिवक्ता का मोबाइल फोन लुटेरे छीनकर फरार हो गए। कलेक्ट्रेट जैसे संवेदनशील इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने न सिर्फ आम लोगों, बल्कि अधिवक्ता समुदाय को भी हैरानी में डाल दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता अमित शर्मा कलेक्ट्रेट के मेन गेट के सामने खड़े होकर अपने एक मित्र से मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान हाईकोर्ट चौराहे की ओर से बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पलक झपकते ही अमित शर्मा के हाथ से मोबाइल छीनकर तेज रफ्तार में भाग निकले।

पीछा किया, लेकिन बदमाश निकल गए आगे

घटना के तुरंत बाद अमित शर्मा ने साहस दिखाते हुए एक अन्य बाइक से लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी अत्यधिक तेज गति से घंटाघर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के सामने से होते हुए फरार हो गए। कुछ ही क्षणों में वे आंखों से ओझल हो ग

CCTV में कैद हुए आरोपी

घटना के बाद अधिवक्ता अमित शर्मा ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और साइबर शाखा में भी शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों की तस्वीरें कैद हो गई हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

बेखौफ लुटेरों के हौसलों पर सवाल

कलेक्ट्रेट परिसर के सामने, जहां दिनभर अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों की आवाजाही बनी रहती है, वहां इस तरह की वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि कलेक्ट्रेट जैसे अति-संवेदनशील और व्यस्त इलाके में अपराधी इस कदर बेखौफ हैं, तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

No comments: