घमापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, February 11, 2026

घमापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त, आरोपी फरार



 प्रथम टुडे

जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घमापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है। मौके से आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के कारोबार में लिप्त लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक केण्ट/डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी घमापुर इंद्रा सिंह ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि शीतला माई मंदिर के पीछे सत्ता पान टपरा के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब बेचने के लिए रखे हुए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और घमापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

पुलिस को देखते ही आरोपी रंजीत चक्रवर्ती मौके से भाग गया। तलाशी के दौरान वहां रखी बोरियों और कार्टूनों से अवैध शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री में मैकडॉवेल अंग्रेजी शराब की 8 बोतल, ओल्ड मंक की 6 बोतल, मैकडॉवेल के 32 पाव, बैगपाइपर के 43 पाव, ओल्ड मंक के 42 पाव तथा देशी शराब के 132 पाव शामिल हैं। जब्त शराब की कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मौके से पूरी शराब जब्त कर फरार आरोपी रंजीत चक्रवर्ती के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।

कार्रवाई में इनकी रही भूमिका

अवैध शराब जब्ती की इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश गौतम, उप निरीक्षक सुनील तंतुवाय, सहायक उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह, संतोष यादव, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र बेन, नरेन्द्र पाल, रविन्द्र सोनी तथा अपराध शाखा प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक अंकित मिश्रा और राजेश मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment