जबलपुर। मझगवां थाना पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर चालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रूप से उत्खनन की गई रेत सहित जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी हरदयाल सिंह के अनुसार 10 फरवरी 2026 को पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान जौली मोड़ के पास खितौला-खम्परिया मार्ग की ओर से दो ट्रैक्टर आते हुए दिखाई दिए। दोनों ट्रैक्टरों में ट्रॉली लगी थी और उनमें रेत भरी हुई थी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहनों को रोककर चालकों से पूछताछ की।
पूछताछ में ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 AB 6240 के चालक ने अपना नाम मानशु दाहिया (19 वर्ष) तथा ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 ZH 1753 के चालक ने अपना नाम धुप कपूर कोल (20 वर्ष) निवासी ग्राम सुनारखेड़ा, थाना ढीमरखेड़ा, जिला कटनी बताया।
ट्रॉली में भरी रेत के संबंध में जब रॉयल्टी और वैध दस्तावेज मांगे गए तो चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि ग्राम भंडरा स्थित हिरन नदी घाट से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर मझगवां ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत सहित जब्त करते हुए आरोपियों के खिलाफ पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), खान एवं खनिज अधिनियम की धारा 4/21 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 130(2)/177 और 3/181 के तहत कार्रवाई की गई है।
अवैध रेत परिवहन में लिप्त आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राधेश्याम बघेल, संदीप द्विवेदी, आरक्षक दयाराम परते और सैनिक रामकृपाल की विशेष भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment