चाकू की नोक पर लूट करने वाले बदमाश गिरफ्तार, गोहलपुर पुलिस ने निकाला जुलूस - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, February 10, 2026

चाकू की नोक पर लूट करने वाले बदमाश गिरफ्तार, गोहलपुर पुलिस ने निकाला जुलूस



प्रथम टुडे 

जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त हथियार जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस भी निकाला गया, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा और अपराधियों में कानून का भय दिखाई दिया।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-1 आयुष गुप्ता, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर संभाग मधुर पटेरिया तथा थाना प्रभारी रितेश पांडेय के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

ऐसे हुई थी वारदात

फरियादी लक्ष्य झा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 फरवरी की रात करीब 2:30 बजे वह अपने मित्र के साथ जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। चंडालभाटा क्षेत्र में वाहन रोकने पर चार युवकों ने चाकू अड़ाकर मारपीट की, सोने की अंगूठी लूट ली और ऑनलाइन एप के माध्यम से 20 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। शिकायत पर गोहलपुर थाना में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने ब्रजेश महतो, सुमित डुमार और सुमित उर्फ सचिन समुन्द्रे निवासी चंडालभाटा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से लूटी गई सोने की अंगूठी, पर्स, वारदात में प्रयुक्त दो रामपुरी चाकू तथा आर-15 मोटरसाइकिल जब्त की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

जुलूस में दिया अपराध से दूर रहने का संदेश

गिरफ्तार आरोपियों का क्षेत्र में जुलूस निकाला गया, जहां उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपराध नहीं करने और कानून का पालन करने की बात कही। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई।

गोहलपुर थाना क्षेत्र में लगातार कार्रवाई से अपराधों पर लगाम

गोहलपुर पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते थाना क्षेत्र में अपराधों में कमी देखी जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश पांडेय, उपनिरीक्षक किशोर बागड़ी, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश उपाध्याय, आरक्षक आलोक यादव, गोपाल राय, अभिरंजन सिंह, समरेन्द्र सिंह, जयकिशोर सिंह, लालजी और संजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



No comments:

Post a Comment