यादव जी की लव स्टोरी फिल्म को लेकर उत्तर प्रदेश में विरोध के स्वर उठ रहे हैं तो वही हम मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में भी यादव समाज का गुस्सा सामने आया है
‘प्रथम टुडे
जबलपुर। आगामी 27 फरवरी 2026 को प्रस्तावित फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के विरोध में अब उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी यादव समाज ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता ओमती चौराहे पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि फिल्म के शीर्षक और कथित विषयवस्तु में ‘लव जिहाद’ जैसे संवेदनशील मुद्दे को यादव समाज के नाम से जोड़ा गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हो रही हैं। समाज के वरिष्ठजनों ने आरोप लगाया कि फिल्म के माध्यम से एक विशेष समुदाय की छवि को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
ज्ञापन में फिल्म के निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित बडाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता विशाल मोहन के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है।
समाज ने क्या कहा?
यादव समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार फिल्म में लड़की का उपनाम ‘यादव’ और लड़के को मुस्लिम समुदाय से दिखाया गया है। उनका आरोप है कि फिल्म के प्रचार-प्रसार के दौरान ऐसे संवाद और दृश्य सामने आए हैं, जिनमें ‘लव जिहाद’ शब्द को समाज विशेष से जोड़ा गया है। इसे लेकर समाज में आक्रोश व्याप्त है।
चेतावनी और प्रशासन से मांग
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि 27 फरवरी को फिल्म की रिलीज पर रोक नहीं लगाई गई, तो अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा देशभर में सिनेमाघरों के बाहर और अंदर विरोध दर्ज कराएगी। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
बढ़ सकता है विवाद
उत्तर प्रदेश में विरोध की शुरुआत के बाद अब जबलपुर में भी आंदोलन तेज होने से यह मुद्दा व्यापक रूप लेता दिख रहा है। स्थानीय स्तर पर समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया तो आगामी दिनों में विरोध और तेज हो सकता है। ऐसे में प्रशासन को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर रखनी पड़ सकती है।
प्रशासन की भूमिका पर नजर
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार ज्ञापन को संबंधित विभाग तक भेजा गया है। फिल्म की रिलीज नजदीक होने के कारण आने वाले दिनों में स्थिति पर विशेष नजर रखी जा सकती है।

No comments:
Post a Comment