रेलिंग विवाद के बाद दूसरे दिन भी स्थिति संवेदनशील, प्रशासन अलर्ट
जबलपुर/सिहोरा। सिहोरा तहसील के आजाद चौक क्षेत्र में गुरुवार रात हुए विवाद के बाद शुक्रवार को माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया। शुक्रवार को कुछ संगठनों द्वारा घटना के विरोध में प्रदर्शन किया गया, जिसके दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे और नारेबाजी की जा रही थी। भीड़ के बढ़ते दबाव और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को तितर-बितर किया। प्रशासन ने इसे एहतियातन की गई कार्रवाई बताया है।
गुरुवार रात हुआ था विवाद और पथराव
गौरतलब है कि गुरुवार रात करीब नौ बजे वार्ड क्रमांक 5 स्थित आजाद चौक क्षेत्र में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद हो गया था। एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रेलिंग के क्षतिग्रस्त होने की सूचना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पथराव की घटना सामने आई थी।
घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़कर स्थिति को नियंत्रित किया था।
20 संदिग्ध हिरासत में, अतिरिक्त बल तैनात
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के अनुसार, अब तक करीब 20 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
जिले के कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्रशासन की अपील – अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें
प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी साझा न करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

No comments:
Post a Comment