जेल से छूटे अपराधियों की निगरानी के निर्देश के बीच मझौली पुलिस की कार्रवाई
प्रथम टुडे
जबलपुर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के निर्देशों के बीच मझौली थाना पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी के दो मोबाइल फोन एवं शेष बचे 1170 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लूट, झपटमारी, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से जेल से रिहा हुए तथा पूर्व में संपत्ति संबंधी अपराधों में पकड़े गए आरोपियों से सघन पूछताछ और उनकी गतिविधियों की निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा तथा एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मझौली नेहरू सिंह खंडाते के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
क्या है मामला?
थानाश मझौली में 6 फरवरी 2026 को विष्णु शरण अग्रवाल (37), निवासी काकरदेही मझौली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे पान एवं मोबाइल की दुकान संचालित करते हैं। 5 फरवरी की रात लगभग 11:30 बजे वे अपनी दोनों दुकानों से 18,000 रुपये लेकर घर पहुंचे और कमरे में काउंटर की दराज में रख दिए। दराज में पहले से 12,000 रुपये रखे थे।
रात में परिवार के सभी सदस्य सो गए। सुबह लगभग 5 बजे उनके भाई ने घर की गैलरी के दरवाजे का ताला टूटा देखा। जांच करने पर भतीजे का रेडमी मोबाइल, भाई का वीवो कंपनी का मोबाइल तथा दराज में रखे कुल 30,000 रुपये नगद गायब पाए गए। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक
गठित टीम ने पतासाजी करते हुए यज्ञशाला मैदान क्षेत्र में दबिश दी और संदेही अनुराग दुबे (23), निवासी मझौली को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गए दोनों मोबाइल एवं नगद राशि में से शेष बचे 1170 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में नकबजनी, जुआ अधिनियम, आर्म्स एक्ट, मारपीट तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं।

No comments:
Post a Comment