पूर्व पार्षद द्वारका मिश्रा के पुत्र व युवक कांग्रेस पदाधिकारी ऋषभ मिश्रा पर महिला ने लगाया बलात्कार व एससी/एसटी एक्ट का आरोप, गोवा तक ले जाने का दावा
प्रथम टुडे
जबलपुर।शहर की राजनीति को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व पार्षद द्वारका मिश्रा के पुत्र ऋषभ मिश्रा के खिलाफ बलात्कार एवं एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी ऋषभ मिश्रा से उसकी पहचान करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि उसे उखरी स्थित एक होटल सहित अन्य स्थानों पर ले जाया गया और यहां तक कि गोवा की यात्रा पर भी आरोपी द्वारा साथ ले जाया गया।
महिला ने आरोप लगाया है कि जब उसने हाल ही में आरोपी के समक्ष विवाह की बात दोहराई, तो गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार किया गया। इसके बाद मानसिक रूप से आहत होकर उसने लार्डगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ऋषभ मिश्रा युवक कांग्रेस में शहर स्तर पर पदाधिकारी भी है।

No comments:
Post a Comment