फ्लायओवर, गोहलपुर पुलिया चौड़ीकरण और बिजली संकट को लेकर कांग्रेस की जन अधिकार न्याय पदयात्रा 30 जनवरी को - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, January 28, 2026

फ्लायओवर, गोहलपुर पुलिया चौड़ीकरण और बिजली संकट को लेकर कांग्रेस की जन अधिकार न्याय पदयात्रा 30 जनवरी को

 


प्रथम टुडे

जबलपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की यातायात अव्यवस्था, लंबित फ्लायओवर निर्माण, गोहलपुर पुलिया के चौड़ीकरण और बिजली संकट को लेकर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जनअधिकार न्याय पदयात्रा की घोषणा की। यह पदयात्रा 30 जनवरी 2026, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर दोपहर 2 बजे पहाड़िया पैलेस, शहीद अब्दुल हमीद चौक से प्रारंभ होकर भीमराव अंबेडकर चौक तक निकाली जाएगी।

विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि भीमराव अंबेडकर चौक (तहसीली चौक) से शहीद अब्दुल हमीद चौक (रद्दी चौकी) तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-7 से जुड़ता है। इस मार्ग पर भारी और हल्के वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते आए दिन जाम और दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन वर्षों से प्रस्तावित फ्लायओवर पर सरकार कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही।

बिना भू-अर्जन के संभव है फ्लायओवर

उन्होंने बताया कि लगभग 2500 मीटर लंबे और 7 मीटर चौड़े फ्लायओवर का प्रस्ताव वर्ष 2019 से लंबित है। वर्ष 2020 में इसका 269.22 करोड़ रुपये का प्रथम स्तरीय प्राक्कलन तैयार किया गया था। खास बात यह है कि इस पूरे प्रोजेक्ट में कहीं भी भू-अर्जन की आवश्यकता नहीं है, इसके बावजूद फाइलें आगे नहीं बढ़ रहीं।

अस्पताल, स्कूल और न्यायालय तक पहुंच में हो रही परेशानी

विधायक ने कहा कि यह मार्ग जिला अस्पताल एल्गिन, न्यायालय, स्कूल और प्रमुख बाजारों को जोड़ता है। जाम के कारण प्रसव पीड़ित महिलाओं, मरीजों, वकीलों, छात्रों और आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्कूल से लौटने वाले बच्चों को 2 से 3 घंटे तक जाम में फंसना पड़ता है।

गोहलपुर पुलिया चौड़ीकरण की मांग

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि गोहलपुर पुलिया के संकरी होने के कारण नया फ्लायओवर भी अपनी उपयोगिता खोता जा रहा है। नगर निगम से कई बार चर्चा में यह सामने आया कि पुलिया के नीचे से गुजर रही पुरानी पाइपलाइन बदले बिना चौड़ीकरण संभव नहीं है, जिसके कारण यह कार्य वर्षों से अटका है। विधायक ने इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की।

बिजली व्यवस्था पर भी सवाल

लखन घनघोरिया ने कहा कि क्षेत्र में पुराने और क्षमताहीन ट्रांसफार्मर, बार-बार जलने वाले केबल और घंटों बिजली कटौती आम हो गई है। बढ़ते लोड के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे हैं। साथ ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी अनियमित बिलिंग को लेकर भी उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

विधानसभा से हाईकोर्ट तक उठ चुका है मुद्दा

विधायक ने बताया कि फ्लायओवर का मुद्दा विधानसभा सत्रों, मंत्रियों के दौरों और अंततः मध्यप्रदेश हाईकोर्ट तक पहुंच चुका है। इस संबंध में याचिका क्रमांक 16145-2025 दायर की गई है, जिस पर न्यायालय ने नोटिस जारी किया है।

कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद कादिर सोनी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, पूर्व युवक कांग्रेस अध्यक्ष जतिन राज, सेवादल अध्यक्ष सतीश तिवारी एवं कांग्रेस नेता शाहिद अनिल उपस्थित रहे।

सहयोग की अपील

विधायक लखन घनघोरिया ने पत्रकारों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों से जनअधिकार न्याय पदयात्रा में शामिल होकर क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की।

No comments:

Post a Comment