चाकू दिखाकर धमकाकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-चाकू व मोटरसाइकिल जप्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Thursday, January 29, 2026

चाकू दिखाकर धमकाकर मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-चाकू व मोटरसाइकिल जप्त


 प्रथम टुडे 

जबलपुर।थाना कोतवाली पुलिस ने चाकू दिखाकर युवक को धमकाते हुए मोबाइल छीनने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त चाकू और बिना नंबर की मोटरसाइकिल जप्त की है।

थाना कोतवाली में दिनांक 27 जनवरी 2026 की रात जागेश्वर कुमार झारिया (20 वर्ष), निवासी वासु डेयरी के पास, जगदंबा कॉलोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह 26 जनवरी को अपने चाचा राजू झारिया से मिलने वाल्देव बाग गया था। उनसे मिलने के बाद वह रात में पैदल अपने घर उखरी रोड की ओर लौट रहा था।

रास्ते में मरघटाई उखरी रोड पर एक भंडारे का आयोजन चल रहा था। रात लगभग 8:30 बजे वह भंडारा खाने के लिए वहां रुका। इसी दौरान काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आए एक युवक ने उससे मोबाइल फोन मांगा। जब फरियादी ने मोबाइल देने से इनकार किया, तो आरोपी ने जेब से चाकू निकालकर धमकाया और कहा कि “मेरा नाम कृष्णा दुबे है, यहां मेरी बहुत चलती है, फोन नहीं दिया तो चाकू मार दूंगा।” भयभीत होकर फरियादी ने अपना रियलमी कंपनी का मोबाइल उसे दे दिया। आरोपी मोबाइल लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया, जिस पर पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी।

मामले की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 41/26, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने विजय नगर क्षेत्र स्थित ज्वॉय स्कूल के पास दबिश दी।

वहां बिना नंबर की मोटरसाइकिल के साथ खड़े युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णा दुबे, पिता कौशल किशोर दुबे, उम्र 26 वर्ष, निवासी उजारपुरवा गली नंबर 2, थाना लार्डगंज बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

थाना लाकर सघन पूछताछ करने पर आरोपी ने मरघटाई उखरी रोड पर चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने की घटना स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से छीना हुआ रियलमी कंपनी का मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त चाकू और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जप्त की गई। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी, चौकी प्रभारी उखरी उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक मुख्तार खान, आरक्षक अनुराग, नितेश दुबे, नरेश गौड़, विजय और रामकिशोर की सराहनीय भूमिका रही।

No comments:

Post a Comment