प्रथम टुडे, जबलपुर
शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों, विधि-व्यवस्था में गिरावट और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बड़ा जन आंदोलन छेड़ने का एलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि 20 जनवरी को बाई का बगीचा स्थित रामलीला मैदान से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक शांतिपूर्ण रैली, धरना-प्रदर्शन और सांकेतिक घेराव किया जाएगा।
“शहर में अराजकता बढ़ी, शासन-प्रशासन जवाबदेह नहीं” — कांग्रेस
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक लखन घनघोरिया और अन्य नेताओं ने कहा कि जबलपुर की कानून व्यवस्था दिनोंदिन बिगड़ती जा रही है, जबकि पुलिस और प्रशासन संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन में विफल दिखाई दे रहे हैं।
नेताओं ने बताया कि शहर का आम नागरिक आज भय, असुरक्षा और अराजकता के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, चोरी, डकैती, चाकूबाजी, अवैध वसूली, महिला उत्पीड़न जैसी आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
कांग्रेस की मुख्य मांगें
पत्रवार्ता में कांग्रेस ने कानून व्यवस्था सुधार को लेकर कई प्रमुख माँगें रखीं—
अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष, त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाए।
अवैध नशे के कारोबार, जुआ-सट्टा नेटवर्क पर तुरंत रोक लगाई जाए।
निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों को झूठे मामलों में फँसाने की कार्रवाई रोकी जाए।
पुलिस प्रशासन को उसके संवैधानिक दायित्वों के प्रति जवाबदेह बनाया जाए।
20 जनवरी को जन आंदोलन
कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम—
स्थान: रामलीला मैदान, बाई का बगीचा से पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जबलपुर
समय: दोपहर 1 बजे तारीख: 20 जनवरी 2026 को
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में उपस्थित
पत्रवार्ता में कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, वरिष्ठ नेता कदीर सोनी, दिनेश यादव, मतीन अंसारी, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, कांग्रेस पार्षदगण, पूर्व पार्षद एवं बड़ी संख्या में युवा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment