- Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Saturday, October 4, 2025

 

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शताब्दी शहीदी दिवस पर जबलपुर में होगा भव्य आयोजन

दो माह तक चलेंगे धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम — देश-विदेश से आएंगे विद्वान और रागी जत्थे

प्रथम टुडे  जबलपुर। 

सिख धर्म के नवमे गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी महाराज के पवित्र 350वें शताब्दी शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में संस्कारधानी जबलपुर में भव्य आयोजन होने जा रहे हैं। यह आयोजन सिख सेवक जत्था के नेतृत्व में नगर की सभी सिख संस्थाओं, महिला संगठनों, शैक्षणिक-सांस्कृतिक संस्थाओं और किसान समितियों के सहयोग से आगामी 24 और 25 नवम्बर को गुरुद्वारा प्रेमनगर में पूरे उत्साह, आस्था और श्रद्धा के साथ संपन्न होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, इन कार्यक्रमों में देश-विदेश के ख्यातनाम रागी जत्थे और गुरुवाणी विद्वान शामिल होंगे। इनमें दिल्ली के भाई सहजदीप सिंह, हिमाचल प्रदेश के श्री बडू साहिब का 17 सदस्यीय जत्था तथा अमृतसर के श्री दरबार साहिब से गुरुवाणी मीमांसक ज्ञानी सरबजीत सिंह प्रमुख हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, अमृतसर के पदाधिकारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

शहीदी दिवस तक दो माह तक जारी रहेगा आयोजन श्रृंखला

इस अवसर पर दो माह तक जबलपुर में विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी —

  • 12 अक्टूबर: समन्वय सेवा सदन भवन, गोरखपुर में विचार संगोष्ठी
  • 24 अक्टूबर: गुरुनानक स्कूल, मढ़ाताल में अंतरविद्यालयीन सेमिनार
  • 2 नवम्बर: निबंध प्रतियोगिता,
  • 9 नवम्बर: गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में अंतरमहाविद्यालयीन सेमिनार
  • 22 नवम्बर: रक्तदान शिविर
  • 23 नवम्बर: मिनी मैराथन – मानवाधिकार दौड़ (गुरुद्वारा प्रेमनगर से गुरुनानक महाविद्यालय तक)
  • 24 नवम्बर: 350 सहज पाठों का सामूहिक समापन, अरदास एवं सम्मान समारोह
  • 26 नवम्बर: गुरुद्वारा ग्वारीघाट में अकाल अकादमी, बडू साहिब द्वारा गुरमत कैंप

मानव सेवा और पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रम पहले ही शुरू

सिख सेवक जत्था द्वारा पिछले तीन महीनों से समाजसेवा के कार्यक्रम जारी हैं। हाल ही में राष्ट्रीय शताब्दी शहीदी दिवस यात्रा के आगमन पर नगर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। इसी क्रम में जुलाई माह में 350 पौधे लगाकर सघन वृक्षारोपण और 250 यूनिट रक्तदान किया गया। युवाओं के लिए मोटिवेशनल कैंप आयोजित कर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी दिया गया।

नगर के विभिन्न गुरुद्वारों और श्रद्धालुओं ने 350 सहज पाठों का संपूर्ण पाठ कर गुरु के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजन समिति ने बताया कि यह क्रम मानवता के कल्याण हेतु पूरे वर्ष चलता रहेगा।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से यह रहे उपस्थित

पत्रकार वार्ता में सिख सेवक जत्था के अध्यक्ष मनमोहन सिंह सलूजा, संरक्षक गजिंदर सिंह बांगा, सचिव मनप्रीत सिंह आहूजा (मिक्की), कोषाध्यक्ष रविंदर सिंह दुआ, प्रबंधक कमेटी जबलपुर के अध्यक्ष रजिंदर सिंह छावड़ा, जबलपुर सिख संगत के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरेंद्र जीत सिंह बब्बू, सहित सिख समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment