जबलपुर | 4 अक्टूबर 2025
कांचघर-घमापुर क्षेत्र में दशहरा चल समारोह के दौरान शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक द्वारा हवाई फायर किए जाने की खबर आई। गोली चलने की आवाज सुनते ही समारोह में भगदड़ की स्थिति बन गई। लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें एक युवक पिंटू अन्ना को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
कांग्रेस और भाजपा के मंचों के पास हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दशहरा चल समारोह में स्वागत के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के मंच लगे हुए थे। इसी दौरान कांग्रेस मंच से उतरे पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया जब भाजपा के मंच के सामने से निकल रहे थे, तभी दोनों दलों के समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि भाजपा के पूर्व विधायक अंचल सोनकर के समर्थकों और लखन घनघोरिया के समर्थकों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, फिर स्थिति बिगड़ते-बिगड़ते पत्थरबाजी तक पहुंच गई। इसी बीच किसी अज्ञात युवक ने रिवॉल्वर निकालकर गोली चला दी, जिससे भगदड़ मच गई।
लखन घनघोरिया ने लगाया खुद पर गोली चलाने का आरोप
घटना के बाद विधायक लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि फायरिंग सीधे उनकी ओर की गई थी। उन्होंने कहा कि यह गोली चल समारोह के सौहार्द्र को बिगाड़ने की कोशिश थी। वहीं पुलिस ने घटना के संबंध में बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने देशभक्ति गीत गाकर शांत कराया माहौल
इस बीच, स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस मंच पर चढ़कर “आपस में प्रेम करो मेरे देश प्रेमियों” जैसे देशभक्ति गीत गाकर उपस्थित लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
उनका यह कदम लोगों को भावुक कर गया और धीरे-धीरे माहौल सामान्य होने लगा।
पुलिस बल की भारी मौजूदगी में संपन्न हुआ चल समारोह
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में बल मौके पर पहुंचा। सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करते हुए पुलिस ने पूरे मार्ग को घेराबंदी में लिया और समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की जा रही है, और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
No comments:
Post a Comment