प्रथम टुडे जबलपुर।
छात्र संघ चुनाव को प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई ने कलेक्ट्रेट का घेराव करने की कोशिश की। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र कलेक्ट्रेट पहुंचे। लेकिन पुलिस ने पहले ही ओमती चौराहे पर बैरिकेड्स लगाकर रास्ता रोक दिया था।
बैरिकेड हटाने की कोशिश, पुलिस से झूमाझटकी
जैसे ही एनएसयूआई कार्यकर्ता बैरिकेड हटाने लगे, पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान चार छात्रों को चोटें आने की सूचना है।
एनएसयूआई अध्यक्ष समेत कार्यकर्ता गिरफ्तार
विवाद बढ़ने पर पुलिस ने एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित कई छात्रों को हिरासत में लेने की कार्रवाई की। कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने को तैयार नहीं थे और चौकसे जमीन पर बैठ गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जबरन उठाकर पुलिस वैन में बैठाया।
आशुतोष चौकसे का आरोप
गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बातचीत में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि संगठन की मांग है कि छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं। उनका आरोप था कि प्रदेश सरकार प्रत्यक्ष चुनाव नहीं कराना चाहती, क्योंकि उन्हें आशंका है कि यदि चुनाव इस प्रणाली से हुए तो एनएसयूआई समर्थित प्रतिनिधि बड़ी संख्या में जीत सकते हैं। चौकसे ने कहा कि सरकार को डर है कि इससे आने वाले समय में कांग्रेस को नए युवा नेता मिल जाएंगे और सत्ता पक्ष की राजनीतिक जमीन खिसक सकती है।
मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
प्रदर्शन के दौरान ओमती थाना, कोतवाली थाना और मदन महल थाना पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त जवान तैनात किए थे।

No comments:
Post a Comment