प्रथम टुडे जबलपुर।
समाजवादी पार्टी किसान मोर्चा ने मंगलवार को कलेक्टर जबलपुर को ज्ञापन सौंपकर बरगी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मजिठा स्थित वेयर हाउस में मूंग और उड़द की खरीदी में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। मोर्चा का कहना है कि लगभग 150 किसानों ने नियमानुसार अपनी उपज समिति को बेची, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी उन्हें भुगतान नहीं मिला है।
किसानों को नहीं मिल रहा मेहनत का दाम
ज्ञापन में कहा गया कि खरीदी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी किसानों के खातों में रकम नहीं डाली गई। इस वजह से किसान निजी कामकाज पूरे नहीं कर पा रहे हैं और कर्ज के दबाव से जूझ रहे हैं।
समिति प्रबंधक और आपरेटर पर आरोप
किसान मोर्चा ने आरोप लगाया कि मजिठा वेयर हाउस में समिति प्रबंधक कमल सिंह ठाकुर, आपरेटर राजपाल सिंह राजपूत और अतिरिक्त आपरेटर दीपेन्द्र सिंह ठाकुर की लापरवाही और मिलीभगत से किसानों को भुगतान रोक दिया गया है।
फर्जी एंट्री और सांठगांठ का दावा
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि एमएलटी वेयर हाउस संचालक आदेश तिवारी और उनके सहयोगी व्यापारी—विनीत पटेल, मनीष पटेल, गोलू पटेल, संजय पटेल, योगेन्द्र पटेल, अभिषेक गुप्ता और जुगल पटेल की सांठगांठ से करीब 800 क्विंटल मूंग-उड़द की फर्जी एंट्री की गई। मोर्चा का कहना है कि बिना माल और बिना कट्टा पर्ची के यह एंट्री डाली गई, जबकि वास्तविक गोदाम परिसर में इतना माल मौजूद ही नहीं था।
जांच चलने के बावजूद किसान परेशान
मोर्चा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार की शिकायत पर जांच जरूर शुरू हुई है, लेकिन जिन किसानों का भुगतान रुका हुआ है, वे रोजमर्रा की मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। वहीं, जिन लोगों पर गड़बड़ी का आरोप है, वे खुलेआम घूम रहे हैं।
कार्रवाई की मांग
समाजवादी किसान मोर्चा ने मांग की है कि किसानों के हितों को देखते हुए जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए और खरीदी में हुई कथित गड़बड़ियों के जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो।

No comments:
Post a Comment