प्रथम टुडे जबलपुर।
थाना गोहलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर पर नकली बीड़ी बनाकर प्रसिद्ध कंपनी “न्यू कैल्कुलेटर बीड़ी” के पैकेट में पैक कर बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 275 पैकेट में रखे 5 हजार 500 छोटे बीड़ी बंडल, 5 किलो खुली बीड़ियां, कंपनी के खाली पैकेट और दो पंचिंग मशीनें जब्त की हैं।
मुखबिर की सूचना पर छापा
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जितेन्द्र सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी गोहलपुर रीतेश पाण्डे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नालबंद मोहल्ला निवासी शाहनवाज हुसैन (32) अपने घर में नकली बीड़ी रखे हुए है। दबिश देने पर आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
घर से मिला बड़ा जखीरा
पुलिस जांच में आरोपी के घर से न्यू कैल्कुलेटर बीड़ी के 40 खाली पैकेट, सात बैग/बोरी में भरे 275 पैकेट (प्रत्येक पैकेट में 20 छोटे बंडल) और करीब 5 किलो खुली बीड़ियां मिलीं। साथ ही दो नारंगी रंग की पंचिंग मशीन भी जब्त की गई।
कॉपीराइट और ट्रेडमार्क एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी शाहनवाज हुसैन के खिलाफ धारा 63, 65 कॉपीराइट एक्ट 1957 और धारा 103 ट्रेड मार्क अधिनियम 1999 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई है।
कार्रवाई में रही टीम की सराहनीय भूमिका
नकली बीड़ी बनाने और बेचने वाले आरोपी को पकड़ने में उप निरीक्षक अंबुज पांडे, आरक्षक दिनेश दुबे, समरेन्द्र, संजय, आलोक, अभिरंजन, गोपाल, लालजी और महिला आरक्षक दीक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment