त्योहारों की तैयारियों पर उठाए सवाल, सफाई और बिजली व्यवस्था सुधारने की दी सलाह
प्रथम टुडे जबलपुर।
त्योहारों के मौसम को देखते हुए कोतवाली संभाग की शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन की तैयारियों को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया ने साफ शब्दों में कहा कि प्रशासन और नगर निगम की उदासीनता से हालात बिगड़ रहे हैं। उन्होंने दशहरा और नवरात्र पर्व की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को ‘आईना’ दिखाते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो शहर की छवि खराब हो सकती है।
दशहरा का बदला स्वरूप और परंपरा
लखन घनघोरिया ने याद दिलाया कि वर्ष 1994 तक दशहरा का स्वरूप भव्य और ऐतिहासिक होता था। उस समय शहर में 100 से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं निकलती थीं और चल समारोह पूरे भारत में प्रसिद्ध था। लेकिन धीरे-धीरे यह आयोजन बिखर गया। उन्होंने कहा कि “नवरात्र की हमारी परंपरा में दुर्गा स्थलों पर घट स्थापना और जवारे बोने की विशेष परंपरा है। लेकिन इस बार प्रशासन की अनदेखी और अव्यवस्था पहले कभी नहीं देखी।”
सफाई और जलभराव पर चिंता
पूर्व मंत्री ने सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में गंदगी का अंबार है और नालियां तक साफ नहीं हुईं। यदि बारिश हो गई तो हालात वैसे ही बिगड़ सकते हैं जैसे इंदौर में पानी के बहाव के साथ गणेश प्रतिमा और पंडाल बहते नजर आए थे।
बिजली और विसर्जन व्यवस्था पर सुझाव
उन्होंने बिजली विभाग को त्योहार के दौरान लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही हनुमान ताल में जलभराव की समस्या पर चिंता जताई। उनका कहना था कि यदि नगर निगम टैंकरों के माध्यम से तालाब में पानी छोड़े तो विसर्जन सुचारू रूप से हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि कभी खंदारी जलाशय से हनुमान ताल में पाइपलाइन द्वारा स्वच्छ पानी आता था, जिससे तालाब हमेशा भरा रहता था, लेकिन आज वह व्यवस्था भी खत्म हो गई है।
सड़क और गड्ढों पर नाराजगी
लखन घनघोरिया ने चल समारोह मार्ग की खस्ताहाल सड़कों और गड्ढों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि “यदि सड़क की मरम्मत और गड्ढों को ठीक नहीं किया गया तो प्रतिमाओं और झांकियों की ट्रॉली निकालने में दिक्कत होगी।”
विधायक अभिलाष पांडे का आश्वासन
बैठक में विधायक डॉ. अभिलाष पांडे ने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य समस्याओं को सुनना है। उनका दायित्व है कि इन समस्याओं का समाधान कराया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्गोत्सव और नवरात्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बिजली के तारों और सड़क की मरम्मत जैसे कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मांगें
बैठक में उपस्थित नागरिकों और समिति सदस्यों ने विशेष रूप से सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती और मंदिरों तक जाने वाली गलियों में अतिरिक्त रोशनी लगाने की मांग की। लोगों का कहना था कि यदि समय पर इन समस्याओं का समाधान हो जाए तो श्रद्धालु नवरात्र और दशहरा का पर्व बिना किसी परेशानी के मना सकेंगे।

No comments:
Post a Comment