सिहोरा खितौला में दिनदहाड़े बैंक डकैती, पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी और सोना बरामद - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, September 1, 2025

सिहोरा खितौला में दिनदहाड़े बैंक डकैती, पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी और सोना बरामद

 

प्रथम टुडे जबलपुर।
सिहोरा के खितौला थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी बैंक में दिनदहाड़े लूट की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना बैंक खुलने के तुरंत बाद हुई, जब हेलमेट पहनकर पहुंचे तीन युवक पिस्टल की नोक पर बैंक में दाखिल हुए और लगभग 12 किलो सोना व करीब 5 लाख रुपये नकद लूट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार अपने दो अन्य साथियों के साथ फरार हो गए। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार वारदात के बाद पुलिस ने सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में कुछ सुराग हाथ लगे और पाटन से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

बिहार से गिरफ्तारियां और बरामदगी

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन्हीं आरोपियों से मिली कड़ियों के आधार पर दो दिन पहले बिहार में दबिश दी गई। वहां से तीन से चार संदिग्धों को पकड़ा गया है। सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस ने इस दौरान लूटा गया लगभग पूरा सोना बरामद कर लिया है। हालांकि आधिकारिक खुलासा अभी बाकी है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार यह जब्ती पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।

क्राइम ब्रांच की अहम भूमिका

इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम और शहर के वरिष्ठ अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सूत्रों का कहना है कि पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई और जल्द ही पुलिस इस प्रकरण का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।

No comments:

Post a Comment