घर वालों ने छोड़ा बेसहारा, गरीब नवाज कमेटी ने अस्पताल पहुंचाया बीमार व्यक्ति - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, September 1, 2025

घर वालों ने छोड़ा बेसहारा, गरीब नवाज कमेटी ने अस्पताल पहुंचाया बीमार व्यक्ति

 


प्रथम टुडे जबलपुर।
गौर पुलिस चौकी क्षेत्र में इंद्र नदी किनारे शंकर मंदिर के पीछे कई दिनों से एक व्यक्ति बेसहारा और बीमार हालत में पड़ा हुआ था। मंदिर और बस्ती से थोड़ी दूरी पर होने के कारण स्थानीय लोग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे थे। लेकिन हाल ही में गणेश प्रतिमा स्थापित होने के बाद जब वहां लोगों का आना-जाना बढ़ा तो इस व्यक्ति की हालत पर नज़र पड़ी।

स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि यह व्यक्ति वहीं पड़ा रहता था और अपनी दिनचर्या भी उसी जगह करता था, जिससे बदबू और असुविधा के कारण आसपास आने-जाने वालों को परेशानी हो रही थी। तब क्षेत्रीय लोगों ने गरीब नवाज कमेटी के इनायत अली को फोन कर मदद के लिए बुलाया।

इनायत अली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पहले उस व्यक्ति को वहां से उठाकर विक्टोरिया अस्पताल लाए। अस्पताल लाने से पहले टीम ने उसे नहलाया, साफ कपड़े पहनाए और फिर इलाज के लिए भर्ती कराया।

इनायत अली ने बताया कि जब उन्होंने आसपास के लोगों से इस व्यक्ति के बारे में पूछा तो पता चला कि वह इसी इलाके का रहने वाला है लेकिन घरवाले उसकी देखभाल नहीं करते। उन्होंने अपने स्तर पर परिवार की तलाश की और जानकारी जुटाने में सफल रहे। जांच में पता चला कि व्यक्ति का नाम सुनील गोस्वामी (45 वर्ष) है और वह बरेला का निवासी है।

फिलहाल गरीब नवाज कमेटी ने उसे विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती करवा दिया है और उसके परिवार से संपर्क साधने की कोशिशें की जा रही हैं।

इस मानवीय कार्य में गरीब नवाज कमेटी के इनायत अली, आमिर खान, मोहम्मद आफताब, बच्चू ननकानी और दीपक निगम शामिल रहे। टीम का नेतृत्व इनायत अली ने किया।

No comments:

Post a Comment