फ्लाईओवर पर वाहनों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Sunday, August 31, 2025

फ्लाईओवर पर वाहनों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

 


नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी दबाव के की गई चालानी कार्यवाही, पुलिस स्टाफ और किन्नर समाज पर भी चला डंडा

प्रथम टुडे जबलपुर। 

शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को भी मदनमहल पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लाईओवर पर दूसरे दिन फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
चेकिंग अभियान में बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, ओवरलोड टू-व्हीलर और तीन सवारियों को लेकर चलने वाले चालकों पर सख्ती से चालान काटे गए।

कार्रवाई के दौरान अजीबोगरीब नजारे

जांच के दौरान कई रोचक व अजीबोगरीब दृश्य भी सामने आए।

  • कुछ वाहन चालक महिला सवारी के साथ पुलिस से बहस करते नजर आए, लेकिन पुलिस ने किसी की एक न सुनी और सीधे चालान बना दिया।
  • तीन सवारी वाले कई वाहन चालक पुलिस से बचने के लिए भागने की फिराक में दिखे, लेकिन फ्लाईओवर पर इस तरह पुलिस बल की तैनाती की गई थी कि भागने की कोई गुंजाइश ही नहीं थी।
  • कई चालक अपनी महिला सवारी को गाड़ी पकड़ाकर खुद किनारे हो गए, ताकि बच सकें, लेकिन पुलिस की पैनी नजर से वे भी नहीं बच पाए और उन पर भी कार्रवाई की गई।
  • एक व्यक्ति तो मोटर साइकिल में चार बच्चे और अपनी पत्नी के साथ फ्लावर देखने आया था। इसके बाद पुलिसकर्मियों को भी कहना पड़ा कि भैया तुमने तो गाड़ी को रथ बना लिया।  इस व्यक्ति के ऊपर पुलिस ने₹1000 का जुर्माना ठोका

पुलिसकर्मियों पर भी कटा चालान

इस कार्रवाई में एक और बड़ा संदेश देखने को मिला। पुलिस ने अपने ही विभाग के कुछ कर्मचारियों को रोककर नियम तोड़ने पर उनका भी चालान काटा। स्टाफ होने के बावजूद पुलिस ने किसी तरह की रियायत नहीं दी और सीधे पुलिस अधीक्षक के आदेश का हवाला देते हुए चालान काटा। यह देखकर कई वाहन चालक खुद ही चालान देने को मजबूर हो गए।

किन्नर समाज ने दिया संदेश

चेकिंग के दौरान दो वाहनों में किन्नर समाज के लोग भी पकड़े गए। वे बिना हेलमेट और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के टू-व्हीलर चला रहे थे। पुलिस ने उनका भी चालान काटा।
इस मौके पर किन्नर समाज ने किसी तरह की बहस नहीं की, बल्कि सभी के सामने समाज को संदेश दिया कि—
"हम खुद गलती मानते हैं और चाहते हैं कि जनता भी यातायात नियमों का पालन करे। हेलमेट जरूर पहनें और फ्लाईओवर को मनोरंजन या रील बनाने की जगह न बनाएं।"
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पिछले दिनों फ्लाईओवर पर बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल होकर गलत संदेश देने वाली थी, जिसके लिए वे क्षमा मांगते हैं। इस बार भी अपनी गलती मानते हुए उन्होंने बाकायदा 800 रुपए का चालान भरते हुए मीडिया कर्मियों से तस्वीरें न लेने की विनती की।

पुलिस का सख्त रुख

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि जनता को यातायात नियमों का पालन कराने और हादसों को रोकने के लिए की जा रही है। फ्लाईओवर पर लगातार चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।


No comments: