प्रथम टुडे जबलपुर।
64 एम.एल.टी. वेयर हाउस मजीठा में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द उपार्जन कार्य में भारी अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। जिला स्तरीय जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर शासन को लगभग 18.66 करोड़ रुपये की वित्तीय क्षति सामने आई है।
कलेक्टर जबलपुर के आदेश पर एसडीएम शहपुरा की अध्यक्षता में गठित जांच दल ने पाया कि समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर, अतिरिक्त ऑपरेटर, बैंक शाखा प्रबंधक, सर्वेयर और गोदाम संचालक सहित कई जिम्मेदार लोगों ने षड्यंत्रपूर्वक योजना बनाकर मूंग की 1934 क्विंटल (लगभग 1.67 करोड़ रुपये) और उड़द की 253 क्विंटल (लगभग 18.72 लाख रुपये) की फर्जी ऑनलाइन एंट्री कर अवैध लाभ लेने का प्रयास किया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि—
- गोदाम में भौतिक सत्यापन के समय मूंग और उड़द की वास्तविक मात्रा ऑनलाइन दर्ज आंकड़ों से काफी कम पाई गई।
- किसानों के नाम पर फर्जी पंजीयन और खरीदी की गई।
- तौल पर्ची, कैशबुक और डे-क्लोजर प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।
- गोदाम संचालक ने स्टैकिंग, पैकिंग और सीसीटीवी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए।
इन अनियमितताओं के लिए समिति प्रबंधक कमल सिंह ठाकुर, कंप्यूटर ऑपरेटर राजपाल सिंह, अतिरिक्त ऑपरेटर दीपेंद्र सिंह ठाकुर, प्रभारी शाखा प्रबंधक अजय तिवारी, अंकित सिंह उर्फ राजशेखर, शंभु ठाकुर, बिंदु राय, सर्वेयर रोहित यादव व देवेंद्र यादव और वेयर हाउस संचालक आदेश तिवारी को जिम्मेदार पाया गया।
उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास कार्यालय से थाना भेड़ाघाट को प्रतिवेदन भेजा गया, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 336(3), 338 और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

No comments:
Post a Comment