प्रथम टुडे जबलपुर
पाटन थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम के चलते 15 वर्षीय किशोरी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी राकेश रैकवार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
5 अगस्त की है घटना
थाना पाटन में 19 वर्षीय युवती ने 5 अगस्त 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन की हत्या गांव के ही राकेश रैकवार ने कर दी है। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसकी छोटी बहन से एकतरफा प्रेम करता था। आरोपी ने कुछ दिन पहले उसकी मां से शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन जाति भिन्न होने के कारण मां ने इनकार कर दिया। इस पर राकेश ने धमकी दी थी कि अगर लड़की उसकी नहीं हुई तो वह किसी और की भी नहीं होने देगा।
रिपोर्ट के मुताबिक 4 अगस्त की रात किशोरी घर के कमरे में बहन के साथ सो रही थी। रात लगभग ढाई बजे चीखने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि राकेश कुल्हाड़ी लेकर खड़ा है। आरोपी ने यह कहते हुए कि “मुझसे शादी नहीं होगी तो यह जिंदा रहकर क्या करेगी” किशोरी पर कुल्हाड़ी से कई बार हमला किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
इस मामले में थाना पाटन में अपराध क्रमांक 398/2025 धारा 103(1), 332(क) बीएनएस एवं 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पुलिस की कार्रवाई
घना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए और उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री सूर्यकांत शर्मा तथा एसडीओपी पाटन श्री लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पाटन श्री गोपिन्द्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राकेश रैकवार पिता इमरत रैकवार उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम सकरा पाटन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
फरार ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी पाटन श्री गोपिन्द्र सिंह राजपूत, उप निरीक्षक श्री जितेन्द्र दुबे, सहायक उप निरीक्षक श्री स्वदेश गुप्ता, प्रधान आरक्षक श्री राममिलन रजक, आरक्षक श्री दिनेश विश्वकर्मा, श्री धनंजय मिश्रा, श्री अनुराग रैकवार, श्री गंगाराम तथा आरक्षक चालक श्री दिनेश मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment