प्रथम टुडे जबलपुर।
गोवंश तस्करी का धंधा अब और ज्यादा शातिर हो गया है। तस्कर पुलिस और गौ रक्षकों की नजरों से बचने के लिए अब लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण पाटन बायपास पर सामने आया, जहां एक SUV (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) में चार गोवंश (दो बछिया और दो बछड़े) को क्रूरता से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था।
गौ रक्षकों ने रोकी SUV, तस्कर मौके से फरार
घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। कुछ स्थानीय गौ रक्षकों को एक संदिग्ध SUV बायपास पर जाती दिखी। शक होने पर उन्होंने वाहन को रुकवाया। जैसे ही SUV को रोका गया, चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
गौ रक्षकों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बेहद अमानवीय हालत में जिंदा गोवंश ठूंसे हुए पाए गए। सभी पशु घायल अवस्था में थे। तत्काल गौ रक्षकों ने दो बछिया और दो बछड़ों को वाहन से बाहर निकाला और नजदीकी गौशाला पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया है।
गुस्साए गौ रक्षकों ने की SUV में तोड़फोड़
घटना के बाद मौके पर मौजूद गौ रक्षकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने SUV में जमकर तोड़फोड़ की। हालांकि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, फरार आरोपी की तलाश
पाटन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पशु क्रूरता अधिनियम व मध्यप्रदेश गोवंश प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल वाहन चालक व अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।
क्या बोले अधिकारी
पुलिस का कहना है कि तस्कर अब नई तरकीबों का इस्तेमाल कर रहे हैं। लग्जरी वाहनों का उपयोग करके वे यह जताने की कोशिश करते हैं कि वाहन निजी उपयोग में है, जिससे चेकिंग के दौरान शक की संभावना कम हो जाती है। लेकिन गो-तस्करी जैसे अपराधों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

No comments:
Post a Comment