प्रथम टुडे जबलपुर (कटंगी)।
रविवार को कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक लोडिंग ऑटो हिरन नदी के पुल से गुजरते समय तेज बहाव में फंसकर बह गया। ऑटो में भरा सारा सामान पानी में बह गया, लेकिन चालक समय रहते बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसमें देखा जा सकता है कि स्थानीय लोग ट्रैक्टर और रस्सी की मदद से ऑटो को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे हैं। यह दृश्य गांव के लोगों की सजगता और तत्परता को दर्शाता है।
बारिश में जानलेवा साबित होता है पुल
गांव के निवासियों के अनुसार, हर साल बारिश के मौसम में यह पुल खतरनाक साबित होता है। इसकी ऊंचाई काफी कम होने के कारण बरसात में पानी पुल के ऊपर से बहने लगता है। इससे दैनिक आवागमन बाधित हो जाता है और कई बार जान का खतरा भी बन जाता है।
रविवार को हुआ हादसा भी इसी स्थिति का परिणाम था। जानकारी के मुताबिक, कटंगी से गनियारी की ओर जा रहा एक ऑटो जैसे ही पुल से गुजरने लगा, तेज बहाव में आ गया और नदी में बह गया।
प्रशासन से लगातार की गई मांगें, समाधान अधर में
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार प्रशासन से पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के समय मरीजों को अस्पताल ले जाना, बच्चों को स्कूल भेजना, और आवश्यक सामग्री लाना ले जाना तक मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस बार भी प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।

No comments:
Post a Comment