342 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Monday, August 18, 2025

342 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, अवैध शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त


कटंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रिंग रोड के पास हुई घेराबंदी में पकड़ा गया आरोपी, 31 हजार की शराब जब्त


प्रथम टुडे जबलपुर। 

जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कटंगी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 342 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका उपयोग शराब के परिवहन में किया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने दिए थे सख्त निर्देश

जिले में अवैध नशा कारोबार के विरुद्ध अभियान को तेज़ करते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया था कि क्षेत्र में मादक पदार्थों एवं शराब के अवैध कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा एवं एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के मार्गदर्शन में कटंगी थाना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश

थाना प्रभारी कटंगी पूजा उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 17 अगस्त 2025 को चौकी बेलखाडू को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक एक काली रंग की बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सफेद बोरियों में देशी शराब भरकर सरोंद क्षेत्र की ओर जा रहे हैं।

इस सूचना पर सिमरिया स्थित निर्माणाधीन रिंग रोड की पुलिया के पास पुलिस टीम द्वारा दबिश दी गई। कुछ देर बाद, मुखबिर के बताए गए हुलिए के अनुसार दो युवक मोटरसाइकिल पर दो बोरियां रखे आते दिखे। पुलिस को देखते ही वे तेजी से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने ग्राम सिमरिया मनकवारा में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

342 पाव देशी शराब बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

जब पुलिस ने बोरियों की तलाशी ली, तो उनमें 342 पाव देशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹31,000 बताई जा रही है, बरामद की गई। पूछताछ में एक युवक ने अपना नाम प्रेम उर्फ सतीश भूमिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिव मंदिर के पास, सरकारी स्कूल, रांझी बताया, जबकि दूसरा युवक नवीन झारिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी केवट मोहल्ला, रांझी के रूप में सामने आया।

फिलहाल, एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने मौके से शराब और मोटरसाइकिल को जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कहां से आई शराब, किसे दी जानी थी – जारी है पूछताछ

पुलिस अब यह जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसका वितरण कहां किया जाना था। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई को सफल बनाने में चौकी प्रभारी बेलखाडू उप निरीक्षक राजेश धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक गेंदालाल विश्वकर्मा, आरक्षक रूपेश, गगन राय, एवं अखण्ड प्रताप सिंह की सराहनीय भूमिका रही। इनकी तत्परता व मुस्तैदी के चलते अवैध शराब तस्करी की यह बड़ी खेप पकड़ी जा सकी।

No comments:

Post a Comment