महिला पार्षद पर एमआईसी सदस्य की टिप्पणी से नगर निगम सदन में हंगामा, विपक्ष ने की माफी मांग - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, August 29, 2025

महिला पार्षद पर एमआईसी सदस्य की टिप्पणी से नगर निगम सदन में हंगामा, विपक्ष ने की माफी मांग

 

प्रथम टुडे जबलपुर।

नगर निगम जबलपुर की सामान्य सभा की बैठक के दूसरे दिन गुरुवार को सदन में तीखा हंगामा देखने को मिला। कांग्रेस पार्षद मुकीमा अंसारी द्वारा अपने वार्ड की समस्याओं को उठाए जाने के दौरान एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी की टिप्पणी पर विपक्ष भड़क गया और सदन में जमकर नारेबाजी हुई।

बैठक में कांग्रेस पार्षद मुकीमा अंसारी ने अपने वार्ड की समस्याओं को रखते हुए कहा कि

  • वार्ड में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ठीक नहीं है।
  • पानी की आपूर्ति प्रभावित है।
  • सड़कें जर्जर हालत में हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर जबलपुर को तो मिल गया, इसके लिए वे धन्यवाद देती हैं, लेकिन उसी फ्लाईओवर में जाने के लिए उनके वार्ड से होकर जाने वाली सड़क पूरी तरह खराब है। कई बार ध्यान दिलाने और अनुरोध करने के बाद भी इसे सुधारा नहीं गया।

एमआईसी सदस्य की टिप्पणी से मचा बवाल

मुकीमा अंसारी जब अपनी बात रख रही थीं, तभी एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने कटाक्ष करते हुए कहा –
“अगर आप चल नहीं सकतीं तो बैसाखी लेकर चलिए।”

यह टिप्पणी सुनते ही कांग्रेस पार्षद भड़क गए और सदन में जोरदार हंगामा शुरू हो गया। विपक्षी पार्षद एकजुट होकर खड़े हो गए और नारेबाजी करने लगे –
“दामोदर सोनी माफी मांगो।”

सत्ता पक्ष भी आया सामने

विपक्ष की नारेबाजी के बीच सत्ता पक्ष के पार्षद भी खड़े हो गए। सत्ता पक्ष की महिला पार्षदों ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्षों ने भी समय-समय पर महिलाओं का अपमान किया है, इसलिए कांग्रेस को भी माफी मांगनी चाहिए।

इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों आमने-सामने हो गए और सदन का माहौल गरमा गया।

अध्यक्ष ने किया स्थगित

लगातार हो रहे शोरगुल और हंगामे को देखते हुए नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज ने सदन की कार्यवाही को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया

विपक्ष अड़ा माफी के लिए

विपक्ष का कहना है कि सदन में जिस प्रकार महिला पार्षद का अपमान हुआ है, वह अस्वीकार्य है। एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी को तत्काल सदन में खड़े होकर माफी मांगनी चाहिए। विपक्ष ने साफ कहा कि माफी के बिना सदन चलने नहीं देंगे।

No comments:

Post a Comment