नकली किन्नर बनकर ट्रेन और प्लेटफार्म पर वसूली करने वाले दो युवक गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Friday, August 29, 2025

नकली किन्नर बनकर ट्रेन और प्लेटफार्म पर वसूली करने वाले दो युवक गिरफ्तार

 


प्रथम टुडे जबलपुर।

यात्रियों की शिकायतों के बाद जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो नकली किन्नर का भेष धरकर ट्रेनों और रेलवे प्लेटफार्म पर लोगों से जबरन वसूली कर रहे थे।

पिछले कुछ दिनों से जीआरपी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक किन्नर का रूप धारण कर यात्रियों से पैसों की मांग कर रहे हैं। पैसे न देने पर वे यात्रियों से बदसलूकी करते थे और सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित भी करते थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के निर्देशन में एक टीम गठित की गई। यह टीम लगातार इन युवकों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी।

आज जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान रजनीश यादव और उमेश यादव के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि वे खुद को छिपाने के लिए नकली नाम सीमा और रानी का इस्तेमाल करते थे। जांच में सामने आया कि दोनों मूल रूप से पन्ना जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल नरसिंहपुर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-2 के पीछे बस्ती में रह रहे थे।

थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने बताया कि आरोपी ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे और सलवार-सूट व साड़ी पहनकर खुद को किन्नर के रूप में पेश करते थे। जबलपुर से नरसिंहपुर के बीच चलने वाली ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर ये दोनों लोगों से जबरन वसूली करते थे। यदि कोई यात्री पैसे देने से मना कर देता, तो ये लोग अभद्रता पर उतर आते और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित करते थे।

फिलहाल जीआरपी ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को संदेह है कि इस पूरे गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी जानकारी आरोपियों से हासिल की जाएगी।

No comments:

Post a Comment