मदनमहल से दमोहनाका फ्लाईओवर का होगा भव्य लोकार्पण - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, August 20, 2025

मदनमहल से दमोहनाका फ्लाईओवर का होगा भव्य लोकार्पण

 

नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे जनता को समर्पित

प्रथम टुडेजबलपुर।

मध्य प्रदेश को एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। राज्य का सबसे बड़ा फ्लाईओवर — मदनमहल से दमोहनाका तक — 23 अगस्त को जनता को समर्पित किया जाएगा। इसका भव्य लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के करकमलों से होगा।

इस फ्लाईओवर का निरीक्षण लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा में जानकारी दी कि यह फ्लाईओवर न केवल जबलपुर के यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि शहर को महानगरीय स्वरूप देने में मील का पत्थर साबित होगा।

2004 से सपना, 2014 में साकार

राकेश सिंह ने बताया कि 2004 में जब उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा, तब जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए फ्लाईओवर निर्माण को अपने संकल्प पत्र में शामिल किया था। इसके बाद 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने और नितिन गडकरी के सड़क परिवहन मंत्री बनने के बाद इस परियोजना को गति मिली।

उन्होंने बताया कि जबलपुर आगमन पर गडकरी से फ्लाईओवर निर्माण की मांग की गई थी, जिसे तत्क्षण स्वीकृति मिल गई और सीआरएफ (Central Road Fund) से निर्माण आदेश जारी हुआ।

मप्र का सबसे बड़ा फ्लाईओवर, 1100 करोड़ की लागत

करीब 1100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह फ्लाईओवर 7 किलोमीटर लंबा है। इसमें रेल मार्ग के ऊपर देश का सबसे लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज भी शामिल है, जिसकी लंबाई 192 मीटर है। इसके साथ ही तीन बॉ स्ट्रिंग ब्रिज बनाए गए हैं — दो रानीताल में और एक बलदेवबाग में, जो पूरी तरह स्टील से निर्मित हैं और इनकी लंबाई लगभग 70 मीटर है।


हरियाली और खेल सुविधाएं भी शामिल

फ्लाईओवर के नीचे 50 हजार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखा गया है। इसके अलावा फ्लाईओवर के नीचे बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम, और बच्चों के लिए पार्क भी बनाए गए हैं। पूरे फ्लाईओवर में 10 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।

सिर्फ 6-8 मिनट में तय होगी दूरी

फ्लाईओवर के निर्माण से मदनमहल से दमोहनाका तक की यात्रा में लगने वाला समय 40-45 मिनट से घटकर महज 6-8 मिनट रह जाएगा। यह फ्लाईओवर जबलपुर के ट्रैफिक प्रबंधन में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा।

जनता से अपील – लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हों

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर की जनता से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए 23 अगस्त को आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, संतोष बरकडे, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पूर्व विधायक शरद जैन, अंचल सोनकर, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव, अपर कलेक्टर मीसा सिंह, लोनिवि के चीफ इंजीनियर आर. एल. वर्मा, अधीक्षण यंत्री दिनेश कौरव, कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह, और एनएचएआई परियोजना निदेशक अमृतलाल साहू सहित कई अन्य मौजूद रहे।


No comments:

Post a Comment