माढ़ोताल थाना क्षेत्र चोरों के लिए बना 'सेफ जोन', पुलिस नाकाम, नागरिक परेशान - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Wednesday, August 20, 2025

माढ़ोताल थाना क्षेत्र चोरों के लिए बना 'सेफ जोन', पुलिस नाकाम, नागरिक परेशान

 


प्रथम टुडे जबलपुर, 20 अगस्त 

 शहर का माढ़ोताल थाना क्षेत्र इन दिनों चोरों के लिए 'सेफ जोन' बनता जा रहा है। बीते 6–7 महीनों में इस क्षेत्र में चोरी की वारदातों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन पुलिस अब तक एक भी बड़े मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। हालात ये हो गए हैं कि अब चोर बेखौफ होकर पुलिस को सीधा चुनौती देते नजर आ रहे हैं।

थाने का बहाना — “स्टाफ की कमी है”

चोरी से पीड़ित लोग थाने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। हर बार थाने से एक ही जवाब मिलता है — “स्टाफ की कमी है, बल खितौला बैंक डकैती में लगा हुआ है।”

ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या एक डकैती की जांच के नाम पर पूरे थाना क्षेत्र को चोरों के हवाले छोड़ दिया गया है?

धनी बस्ती में 6 से 7 ताले तोड़कर चोरी, पुलिस निष्क्रिय

सबसे हैरान करने वाली घटना मदर टेरेसा नगर की है, जहां शाहिद विक्रम सिंह स्कूल के पीछे रहने वाले मुन्लानाल विश्वकर्मा के घर में 11 अगस्त की रात उस वक्त चोरी हुई, जब वे परिवार सहित शहडोल पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे।

चोरों ने उनके घर के 6 से 7 ताले तोड़कर करीब 7 तोला सोना, चांदी के सिक्के, नगदी और कपड़े तक चुरा लिए।
घटना के बाद जब 12 अगस्त को मुन्लाल विश्वकर्मा लौटे, तो उनके होश उड़ गए। यह बस्ती इतनी घनी है कि मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं, गालियां बेहद संकरी हैं और इलाके में CCTV कैमरे भी लगे हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक ना तो कोई फुटेज खंगाली और ना ही पीड़ित परिवार को कोई ठोस जवाब दिया है।

कुछ मिनट की गैरमौजूदगी में भी हो रही चोरी

इसी थाना क्षेत्र में एक और घटना में परिवार कुछ समय के लिए घर से बाहर गया था, उसी दौरान चोरों ने चोरी को अंजाम दे दिया।

10–15 दिनों में 4 से 5 बड़ी चोरियां — पुलिस के हाथ खाली

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते 10 से 15 दिनों में क्षेत्र में कम से कम 4 से 5 बड़ी चोरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।

वहीं दूसरी ओर, गोहलपुर थाना और गढ़ा थाना क्षेत्रों में पुलिस सक्रियता दिखा चुकी है — गोहलपुर पुलिस ने चोरी के आरोपियों को पकड़ा और गढ़ा पुलिस ने राज्य स्तरीय अपराधी पप्पू मल्ला को गिरफ्त में लिया है।

लेकिन माढ़ोताल थाना क्षेत्र में हो रही लगातार चोरियों के बाद भी न तो किसी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, न ही गश्त बढ़ी है और न ही संदिग्धों से पूछताछ हो रही है।

पुलिस प्रशासन मौन, नागरिक असुरक्षित

क्षेत्रीय जनता में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अब वे अपने ही घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे।

पुलिस की निष्क्रियता और “स्टाफ की कमी” का बहाना बनाकर जिम्मेदारी से भागने की प्रवृत्ति ने इस थाना क्षेत्र को अपराधियों के लिए खुला मैदान बना दिया है।

अब देखना यह होगा कि क्या पुलिस प्रशासन माढ़ोताल क्षेत्र में हो रही इन वारदातों को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है या चोरों का यह 'सेफ जोन' और भी मजबूत होता जाएगा।

No comments:

Post a Comment