प्रथम टुडे जबलपुर ।
जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना बरेला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को 309 पाव देशी शराब के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में बरेला थाना टीम ने यह कार्यवाही की।
थाना प्रभारी विजय कुमार विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम जमुनिया तिराहा स्थित विनोद रैकवार अपनी चाय दुकान में अवैध शराब बिक्री हेतु रखे हुए है।
सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने जमुनिया तिराहा स्थित विनोद रैकवार की चाय दुकान पर दबिश दी। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद रैकवार (उम्र 41 वर्ष), निवासी लोकसागर तालाब के पास, बरेला बताया। तलाशी के दौरान दुकान में रखी दो प्लास्टिक की बोरियों में कुल 309 पाव देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से शराब जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
उल्लेखनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक श्यामलाल सिंह, आरक्षक अविनाश सिंह एवं रविशंकर मस्करे की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से अवैध शराब की यह बड़ी खेप पकड़ी जा सकी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।

No comments:
Post a Comment