प्रथम टुडे जबलपुर, 22 अगस्त।
शहर में बैंक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस कंट्रोल रूम में एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूर्यकांत शर्मा द्वारा ली गई, जिसमें शहर के विभिन्न बैंकों के करीब 50 अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान बैंक अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनकी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली गई और स्पष्ट किया गया कि बैंक सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ पुलिस की नहीं, बल्कि बैंक अधिकारियों की भी है।
बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं:
- आरबीआई की सुरक्षा गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।
- बैंक परिसर में चैनल गेट, सायरन और पैनिक अलार्म अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। अलार्म कम से कम 3-4 स्थानों पर लगवाए जाएं।
- सीसीटीवी कवरेज पूर्ण हो, किसी भी क्षेत्र में अंधा स्थान न हो। यदि कोई स्थान छूट गया है तो तुरंत वहां कैमरे लगवाए जाएं।
- बैंक और थाना स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचना का समन्वय किया जाए।
- चाय की टपरी, साइकिल स्टैंड, बैंक के आस-पास संदिग्ध गतिविधियों पर नियमित चेकिंग की जाए।
- सुरक्षा गार्ड को सतर्क रहने के निर्देश दिए जाएं और हर ऐसे व्यक्ति पर नजर रखी जाए जिसका बैंक से कोई सीधा संबंध न हो।
- किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दी जाए।
- पुलिस गश्त का समय बढ़ाया जाएगा, विशेषकर प्रातः 11 से 1 बजे तक एवं दोपहर 3 से 4 बजे तक बैंक क्षेत्रों में विशेष निगरानी रहेगी।
सुरक्षा को लेकर विशेष सुझाव:
- सायरन और अलार्म ऐसे स्थानों पर लगें जहां उन तक आसानी से पहुंचा जा सके।
- बैंक स्टाफ को अलार्म सिस्टम के संचालन और प्रशिक्षण की जानकारी दी जाए।
- कैश काउंटर, एटीएम, एंट्री और एक्जिट प्वाइंट्स पर सीसीटीवी अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
- प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड अधिकृत और प्रशिक्षित एजेंसी से ही लिए जाएं, साथ ही शस्त्रधारी होना अनिवार्य किया जाए।
- रिकवरी एजेंट और गार्ड का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से करवाया जाए।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि अपराधी सुरक्षा व्यवस्था की छोटी-सी चूक का फायदा उठाने में देर नहीं करते, इसलिए बैंक अधिकारी पूरी तरह सजग रहें। बैंक और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से ही किसी भी अपराध को रोका जा सकता है।

No comments:
Post a Comment