प्रथम टुडे --. मध्य प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है। पार्टी में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के तहत केवल बैतूल विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। ऐसे में उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार बुधवार को होने वाली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
नामांकन में शामिल रहे दिग्गज नेता
खंडेलवाल के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र खटीक, प्रह्लाद पटेल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इन सभी नेताओं ने उनके नाम का समर्थन प्रस्तावक के रूप में किया।
मथुरा में जन्म, बैतूल में सियासी पहचान
पिता की विरासत संभाल कर राजनीति में आए हेमंत, सांसद से लेकर विधायक तक का सफर
हेमंत खंडेलवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 3 सितंबर 1964 को हुआ था। वे पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल के पुत्र हैं, जिन्हें भाजपा का मजबूत स्तंभ माना जाता था। पिता के निधन के बाद हेमंत ने राजनीति में कदम रखा और 2008 में बैतूल लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर संसद पहुंचे।
इसके बाद 2013 में वे विधानसभा पहुंचे और विधायक चुने गए। हालांकि 2018 में वे कांग्रेस के निलय डागा से हार गए थे। लेकिन 2023 के विधानसभा चुनाव में फिर से जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी सियासी पकड़ को मजबूत किया।
जनसेवा को हमेशा रखा प्राथमिकता में
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि रहे प्राथमिक मुद्दे
अपने राजनीतिक जीवन में हेमंत खंडेलवाल ने जनता की समस्याओं को हमेशा प्राथमिकता दी है। क्षेत्र में सड़क निर्माण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, शिक्षा व्यवस्था और किसानों के हित से जुड़े मुद्दों पर वे लगातार सक्रिय रहे हैं। उनके प्रयासों से बैतूल में कई योजनाएं लागू हुईं, जिनका सीधा लाभ आमजन को मिला।
सांसद, विधायक ही नहीं संगठन में भी जिम्मेदारी
प्रदेश कोषाध्यक्ष और विचार न्यास अध्यक्ष भी रहे
राजनीतिक पदों के साथ-साथ खंडेलवाल भाजपा संगठन में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे मध्य प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष के रूप में काम कर चुके हैं और कुशाभाऊ ठाकरे विचार न्यास के अध्यक्ष भी हैं। संगठनात्मक जिम्मेदारियों को उन्होंने कुशलता से निभाया है।
व्यवसायी और किसान की दोहरी पहचान
बीकॉम और एलएलबी डिग्रीधारी हेमंत को परिवार से मिला राजनीतिक संस्कार
हेमंत खंडेलवाल पेशे से उद्योगपति और किसान भी हैं। उन्होंने बीकॉम और एलएलबी की पढ़ाई की है। उनका विवाह 12 फरवरी 1990 को रितु खंडेलवाल से हुआ था। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनकी माता कांति खंडेलवाल वर्तमान में परिवार के साथ रहती हैं।

No comments:
Post a Comment