महापौर गुरुकुल से निखर रहे निगम स्कूलों के बच्चे, 17 होनहारों को हवाई यात्रा का उपहार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, July 1, 2025

महापौर गुरुकुल से निखर रहे निगम स्कूलों के बच्चे, 17 होनहारों को हवाई यात्रा का उपहार

 


 प्रथम टुडे जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' द्वारा दो वर्ष पूर्व नगर निगम की पाँच शालाओं में पढ़ने वाले बच्चों को गोद लेने के बाद अब इन बच्चों की शैक्षणिक और बौद्धिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। पहले की तुलना में अब बच्चों में स्मार्टनेस के साथ-साथ बौद्धिक विकास की झलक स्पष्ट रूप से नजर आ रही है।

आज पत्रकार वार्ता में महापौर ने बताया कि ‘महापौर गुरुकुल’ के माध्यम से नगर निगम स्कूलों में पढ़ने वाले दो हजार से अधिक बच्चों को निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है। इसका सकारात्मक असर परीक्षा परिणामों में भी देखने को मिला है। इस वर्ष 10वीं और 12वीं में पढ़ने वाले 17 विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इन सभी होनहार विद्यार्थियों को ‘महापौर गुरुकुल’ द्वारा संचालित नए सत्र की शुरुआत में हवाई यात्रा कराई जाएगी।

महापौर ने कहा कि इन बच्चों की सफलता में मेकलसुता इंस्टीट्यूट के शिक्षकों का भी अहम योगदान है। संस्थान द्वारा न केवल परीक्षा पूर्व बेहतर कोचिंग दी जा रही है, बल्कि समर कैंप, योग शिक्षा, डांस, संगीत जैसी सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी बच्चों को प्रदान की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की इन पाँच शालाओं में पढ़ने वाले बच्चों को अब प्राइवेट कॉन्वेंट स्कूलों जैसी सुविधाएँ दी जा रही हैं। बच्चों को निःशुल्क कोचिंग के साथ-साथ हर वर्ष सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति पर आधारित फिल्में, स्वादिष्ट भोजन और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के ज़रिए बौद्धिक विकास के अवसर दिए जाते हैं।

महापौर ने यह भी बताया कि मेकलसुता इंस्टीट्यूट के शिक्षकों द्वारा पढ़ाई की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और बच्चों के समग्र विकास को लेकर नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब ये बच्चे शिक्षा, भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हैं, जो आने वाले समय में समाज के लिए मिसाल बनेंगे।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित:

पत्रकारवार्ता के अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एम.आई.सी. सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, विवेकराम सोनकर, दामोदर सोनी, रजनी कैलाश साहू, अंशुल राघवेन्द्र यादव, पूर्व खेल अधिकारी डॉ. राकेश तिवारी, प्राचार्य डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय और मेकलसुता इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर जयदीप मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment