प्रथम टुडे जुलाई 2025
दिल्ली एनसीआर का कुख्यात गैंगस्टर नीरज बवाना सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से बाहर निकला। दिल्ली हाईकोर्ट से एक दिन की कस्टडी पैरोल मिलने के बाद वह अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचा। अदालत ने आदेश दिया था कि नीरज बवाना को 6 घंटे की कस्टडी बेल दी जाए, ताकि वह पत्नी से मिलकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी ले सके।
नीरज बवाना को जब जेल से बाहर लाया गया तो वह अभिनेता सलमान खान की फिल्म 'तेरे नाम' के चर्चित हेयरस्टाइल में नजर आया। उसने सफेद शर्ट और नीली जींस पहन रखी थी और चलते वक्त लंगड़ाता हुआ दिखा। जेल प्रशासन और पुलिस ने उसे अस्पताल तक ले जाने के लिए वीवीआईपी जैसी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर मिली पैरोल
बवाना की पत्नी की ब्रेन में नर्व ब्लॉकेज की समस्या है, जिसे देखते हुए उसने अदालत से पैरोल की मांग की थी। कोर्ट ने उसकी याचिका पर सुनवाई करते हुए उसे सीमित समय के लिए पत्नी से मिलने की अनुमति दी। आदेश के मुताबिक, इस दौरान वह केवल अपनी पत्नी और डॉक्टर से ही मिल सकेगा। किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क की इजाजत नहीं दी गई है।
जेल में रहते भी चल रहा गैंग
करीब 18 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय नीरज बवाना का असली नाम नीरज सहरावत है। वह दिल्ली के बवाना गांव का रहने वाला है, और इसी नाम से वह अपराध की दुनिया में कुख्यात हुआ। हत्या, लूट, फिरौती और धमकी जैसे 100 से अधिक गंभीर आपराधिक प्रकरण उसके खिलाफ दर्ज हैं। वह इस समय तिहाड़ जेल में बंद है, लेकिन माना जाता है कि वह जेल से ही अपने गिरोह को संचालित कर रहा है।
सागर धनकड़ हत्याकांड में भी आया था नाम
2021 में ओलंपिक मेडलिस्ट सुशील कुमार के साथ हुए विवाद में पहलवान सागर धनकड़ की हत्या के मामले में भी नीरज बवाना का नाम सामने आया था। आरोप है कि सुशील कुमार के साथ मिलकर बवाना के गुर्गों ने सागर और उसके साथियों को पीटा था, जिससे सागर की मौत हो गई थी।
कोर्ट के स्पष्ट निर्देश
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि कस्टडी पैरोल के दौरान नीरज बवाना की हर गतिविधि पर दिल्ली पुलिस की निगरानी रहेगी। उसे केवल अस्पताल और घर तक ले जाया जाएगा, और निर्धारित समय के बाद पुनः तिहाड़ जेल वापस लाया जाएगा।

No comments:
Post a Comment