प्रथम टुडे जबलपुर। शहर में रात के समय राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। रांझी पुलिस की मुस्तैदी से इस संगठित लुटेरे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से लूटी गई मोटरसायकल, मोबाइल, पर्स में रखे पैसे सहित 7 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत की गई, जिसमें संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में निगरानी, पूछताछ और बीते मामलों की तहकीकात की जा रही है। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में की जा रही है, जबकि थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस गिरोह का पर्दाफाश किया
लूट की वारदात से खुली गिरोह की परतें
दिनांक 24 जून 2025 को सुजीत दाहिया, उम्र 39 वर्ष, निवासी मोहनिया रांझी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे पनागर के एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। रात लगभग 1:30 बजे वे रेलवे स्टेशन से अपनी स्प्लेंडर मोटरसायकल (क्रमांक MP 20 NG 4420) से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सतपुला क्षेत्र स्थित पोस्ट ऑफिस के सामने पहुँचे, तीन अज्ञात लड़कों ने उन्हें घेर लिया। एक ने सामने आकर बाइक रुकवाई, जबकि दो अन्य ने उन्हें पकड़कर डरा-धमकाकर उनका मोबाइल, पर्स और बाइक लूट ली। लुटेरे 1700 रुपये नकद, मोबाइल और बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।
थाना रांझी में अपराध क्रमांक 466/25 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से मिली अहम कड़ी
घटना के बाद थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज गहनता से खंगाली गई। इसके साथ ही विश्वसनीय मुखबिरों को सक्रिय किया गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने अमित सिंह गाड़, अभिषेक विश्वकर्मा उर्फ बाबू (22 वर्ष) और विजय यादव उर्फ छोटू पहाड़ी (27 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
बरामदगी और आरोपियों की स्वीकारोक्ति
आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई बाइक, मोबाइल, ब्राउन कलर का पर्स, रजिस्ट्रेशन कार्ड, अन्य दस्तावेज और 470 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने थाना रांझी, ग्वारीघाट और अधारताल थाना क्षेत्रों से कुल 7 मोटरसायकिल चोरी करने की बात कबूली।
बरामद मोटरसायकिलें इस प्रकार हैं:
MP 20 NG 1208 (रांझी थाना)
MP 20 NH 8002, MP 20 MT 9063, MP 20 MZ 8920 (अधारताल थाना)
MP 20 MJ 3987, MP 20 NK 7491, MP 20 ML 6321 (ग्वारीघाट थाना)
कई थानों में दर्ज हैं प्रकरण, संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई
इन अपराधों के आधार पर अलग-अलग थानों में नीचे दिए गए प्रकरण दर्ज हैं:
थाना रांझी: अपराध क्रमांक 466/25, 478/25 धारा 309(4), 303(2) बीएनएस
थाना अधारताल: अपराध क्रमांक 551/25, 485/25, 135/25 धारा 303(2) बीएनएस
थाना ग्वारीघाट: अपराध क्रमांक 218/25 धारा 303(2) बीएनएस
सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध अधिनियम की धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
थाना रांझी प्रभारी उमेश गोल्हानी की सूझबूझ और सटीक रणनीति
इस पूरे प्रकरण में थाना रांझी प्रभारी उमेश गोल्हानी की सक्रियता, घटना स्थल पर त्वरित जांच, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिरों के माध्यम से मिले सुरागों ने अहम भूमिका निभाई। उनकी अगुवाई में टीम ने महज कुछ दिनों में लुटेरों को गिरफ्तार कर एक संगठित गिरोह की परतें खोलीं।

No comments:
Post a Comment