“
प्रथम टुडे जबलपुर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोनम-राजा हत्याकांड जैसे मामलों की यादें ताज़ा कर दी हैं। शादी के बंधन में बंधने के महज एक महीने बाद ही एक युवती ने अपने पति की हत्या कर दी। वजह — उसे पति पसंद नहीं था और वह जबरन शादी से त्रस्त थी।
ज़हर मिला खाना बना मौत की वजह
22 वर्षीय युवक बुदनाथ की शादी 11 मई को बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव की सुनीता (काल्पनिक नाम) से हुई थी। शादी के बाद सुनीता कुछ दिन ससुराल में रही लेकिन जल्द ही मायके लौट गई। जब बार-बार बुलावे पर भी वह नहीं लौटी तो 5 जून को पंचायत बुलाई गई, जिसके बाद उसे ससुराल लौटना पड़ा।
मगर यह वापसी एक साजिश के तहत थी।
पुलिस के अनुसार, सुनीता पहले ही तीन बार अपने पति को मारने की कोशिश कर चुकी थी। चौथी बार वह सफल हो गई। वह बाजार से कीटनाशक खरीदकर लाई और पति के लिए चिकन-भात बनाकर उसमें ज़हर मिला दिया। खाना खाने के बाद बुदनाथ की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
महिला ने पूछताछ में किया खुलासा
यह मामला झारखंड सीमा से लगे रंका थाना क्षेत्र के बाहोकुदर गांव का है। रंका अनुमंडल के एसडीओपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर जब पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
फिर वही सवाल: जब शादी जबरन थी तो अपराध की राह क्यों?
इस मामले ने एक बार फिर 'सोनम-राजा हत्याकांड' जैसे चर्चित मामलों की परछाईं को सामने ला दिया है, जहाँ विवाह सामाजिक दबाव में हुआ और अंजाम बेहद दुखद रहा। सवाल उठता है कि जब कोई रिश्ता पसंद का नहीं होता, तो क्या हत्या उसका समाधान है? क्या समाज को जबरन शादी की प्रवृत्ति पर पुनर्विचार नहीं करना चाहिए?
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

No comments:
Post a Comment