प्रथम टुडे जबलपुर । मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार शाम 4.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में टिपारी, ताजिया एवं सवारी निकालने वाले आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) आनंद कलादगी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम पंकज मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव, ओमती के सोनू कुर्मी, गोहलपुर के सुनील नेमा, गढ़ा के आशीष जैन और कैंट के उदय भान बागरी सहित लगभग 65 आयोजनकर्ता बैठक में शामिल हुए।
बैठक में आयोजकों से व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई और आश्वस्त किया गया कि प्रशासन और पुलिस की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
यह निर्देश दिए गए:
मोहर्रम से जुड़े सभी आयोजनों की सूचना संबंधित थानों को अनिवार्य रूप से दी जाए।
सभी कार्यक्रम पूर्व परंपरा के अनुसार ही होंगे, किसी भी नए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाएगी।
डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। केवल दो साउंड बॉक्स की अनुमति होगी।
लंगर खुले में न बांटा जाए, बल्कि पैकेट में हाथों-हाथ दिया जाए।
ट्रकों की बजाय छोटे वाहनों से लंगर वितरण को प्राथमिकता दी जाए ताकि रास्ते में कोई बाधा न आए।
पंडाल इस प्रकार लगाए जाएं कि रास्ता अवरुद्ध न हो। पंडाल वाटर प्रूफ हों और अग्नि सुरक्षा के लिए सीजफायर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए।
पंडाल के चारों ओर घेराव (कनात) किया जाए ताकि पशु अंदर न घुस सकें।
प्रत्येक आयोजन स्थल पर दो-दो वालंटियर 24 घंटे तैनात रहें। उनके नाम और मोबाइल नंबर संबंधित थाने में दर्ज कराए जाएं।
विद्युत सज्जा सुरक्षित हो, कटे-फटे तारों का प्रयोग न करें, और तार बच्चों की पहुंच से दूर रखें।
किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना दी जाए। आयोजक स्वयं समस्या के समाधान का प्रयास न करें।
-

No comments:
Post a Comment