कुछ थाना क्षेत्रों की भूमिका पर उठे सवाल, नशे के कारोबार पर जारी है क्राइम ब्रांच की सख्त कार्रवाई
रांझी और कुंडम में दो अलग-अलग मामलों में 2-2 किलो गांजा बरामद, अपचारी बालक सहित दो आरोपी गिरफ्तार
प्रथम टुडे, जबलपुर | 22 जून 2025
जबलपुर में 12 से 26 जून तक मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच लगातार सक्रिय है।
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलांदगी के मार्गदर्शन और निरीक्षक शैलेश मिश्रा (क्राइम ब्रांच) के नेतृत्व में दो बड़ी कार्यवाहियां की गईं।
इस अभियान से जहां एक ओर लगातार सफलताएं सामने आ रही हैं, वहीं कुछ थाना क्षेत्रों की निष्क्रियता और संभावित मिलीभगत की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं, जिसने चिंता बढ़ाई है।
सूत्रों का दावा है कि कुछ थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों का अवैध कारोबार पूर्व की भांति फल-फूल रहा है, लेकिन संबंधित थानों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही। हालांकि आधिकारिक रूप से इस पर कोई पुष्टि नहीं की गई है।
पहली कार्रवाई: रांझी क्षेत्र में अपचारी बालक से 2 किलो गांजा बरामद
थाना रांझी प्रभारी उमेश गोहलानी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच और थाना टीम ने चुंगी चौकी के पास टूटी दीवार के समीप एक संदिग्ध किशोर को पकड़ा, जो बिना नंबर की स्कूटी के साथ खड़ा था।
पुलिस को देखकर किशोर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। स्कूटी की डिक्की में 2 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसे यह गांजा विशाल चक्रवर्ती नामक व्यक्ति ने दिया था, जो शहर के एक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल बताया जाता है। आरोपी ने किशोर को यह गांजा एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सौंपा था।
इस पूरी कार्रवाई में रांझी थाना से:
- थाना प्रभारी उमेश गोहलानी
- स्टाफ: उप निरीक्षक धर्मेंद्र यादव, प्रधान आरक्षक संजय विश्वकर्मा, आरक्षक संदीप दुबे, जितेंद्र पटेल, संजय राय सहित टीम मौजूद रही।
क्राइम ब्रांच टीम में:
- ASI संतोष पांडे,
- हेड कांस्टेबल अरविंद श्रीवास्तव,
- कांस्टेबल आनंद तिवारी, जयप्रकाश तिवारी, आशुतोष बघेल
ने सक्रिय भूमिका निभाई।
दूसरी कार्रवाई: कुंडम क्षेत्र से गांजा तस्कर गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कुंडम थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा सप्लाई करने पहुंचा है। इस पर क्राइम ब्रांच और कुंडम थाना की संयुक्त टीम ने दबिश देकर सचिन उइके पिता अशोक (उम्र 30 वर्ष, निवासी आधारताल) को मौके से गिरफ्तार किया।
उसके पास से भी 2 किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस इस मामले में तस्करी की श्रृंखला और सप्लायर के बारे में जानकारी जुटा रही है।
प्रथम टुडे” विशेष टिप्पणी:
अभियान की सराहना करते हुए यह कहना जरूरी है कि जहां क्राइम ब्रांच और कई थाना टीमें सक्रिय रूप से मादक पदार्थों के खिलाफ मोर्चा संभाले हुए हैं, वहीं कुछ थाना क्षेत्रों की निष्क्रियता सवालों के घेरे में है।
सूत्रों के अनुसार यदि इन क्षेत्रों में निष्पक्षता और इच्छाशक्ति से कार्रवाई हो तो शहर में इस अवैध कारोबार पर काफी हद तक लगाम लगाई जा सकती है।

No comments:
Post a Comment