प्रथम टुडे जबलपुर।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था और उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी, लेकिन क्राइम ब्रांच की सतत निगरानी और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर आखिरकार वह गिरफ्त में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सौरभ कुचबंदिया की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने धारा 103 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया था। घटना के बाद से ही नामजद आरोपी सुरजीत कुचबंदिया फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी हर बार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच और थाना सिविल लाइन की टीम द्वारा समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा था। इसी बीच क्राइम ब्रांच को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी जबलपुर में ही कहीं छिपा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरजीत कुचबंदिया को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान उसकी कौन-कौन लोगों ने मदद की एवं किन-किन स्थानों पर रुका।
प्रथम टुडे
सच की बात, सबके साथ

No comments:
Post a Comment