क्राइम ब्रांच, पनागर और शहपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा जिले से चोरी हुईं 16 दोपहिया वाहन बरामद, 6 वाहन चोर और 3 खरीदार गिरफ्तार - Pratham Today, Sach Ki Baat SabKe Saath -->

Breaking

Tuesday, June 24, 2025

क्राइम ब्रांच, पनागर और शहपुरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा जिले से चोरी हुईं 16 दोपहिया वाहन बरामद, 6 वाहन चोर और 3 खरीदार गिरफ्तार


12 लाख रुपये की कीमत के वाहन किए गए जब्त




 प्रथम टुडे जबलपुर, 

जबलपुर। वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिलेभर में सक्रिय चोर गिरोहों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत क्राइम ब्रांच, थाना पनागर एवं थाना शहपुरा की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 शातिर वाहन चोरों सहित चोरी के वाहन खरीदने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल 16 दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।

पनागर पुलिस की कार्यवाही

क्राइम ब्रांच को 22 जून को विश्वसनीय सूचना मिली कि मोह. आदिल नामक युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पनागर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच एवं पनागर थाना की संयुक्त टीम ने दबिश दी और आदिल को चोरी की मोटरसाइकिल (क्रमांक MP20 MV 2768) के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आदिल ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जबलपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से वाहन चुराए और उन्हें औने-पौने दामों में बेच दिया।

गिरफ्तार आरोपी - थाना पनागर अंतर्गत

मोह. आदिल निवासी नेता कॉलोनी थाना आधारताल, मोह. मेहराज निवासी पम्प हाउस थाना हनुमानताल, सुदामा बर्मन निवासी सब्जी मंडी नेता कॉलोनी थाना आधारताल, शाहिद खान निवासी रंगरेज मोहल्ला थाना कटंगी, सद्दाम उस्मानी निवासी कटरा मस्जिद के पास थाना आधारताल, ओम बेन निवासी कैलाशधाम ग्राम पहरहा थाना खमरिया, तथा एक विधि विवादित बालक (उम्र 16 वर्ष)।

 5 से 10 हजार रुपए में बेचते थे 

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि वे चोरी के वाहन को 5-10 हजार रुपये में शाहिद खान, सद्दाम उस्मानी और ओम बेन को बेचते थे। इनकी निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से कुल 11 वाहन बरामद किए गए।

शहपुरा थाना की कार्यवाही

शहपुरा थाना अंतर्गत ग्राम भमकी निवासी वकील चौधरी की रिपोर्ट पर 20 जून को दर्ज चोरी के मामले में भी अहम सफलता मिली। जांच के दौरान पुलिस ने रविंद्र उर्फ सागर गोटिया (निवासी पाठक जी का बाड़ा) को गिरफ्तार किया। रविंद्र ने बताया कि उसने और उसके 16 वर्षीय साथी ने मिलकर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP20 NM 3529) चोरी की थी। आरोपियों की निशानदेही पर एक खंडहरनुमा मकान से और 5 वाहन बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी - थाना शहपुरा अंतर्गत

रविंद्र उर्फ सागर गोटिया निवासी शहपुरा तथा एक विधि विवादित बालक (उम्र 16 वर्ष)।

 शहर के विभिन्न थानों से 16 वहांन चुराए थे

पुलिस ने जिन 16 दोपहिया वाहनों को जब्त किया है, वे जबलपुर जिले के विभिन्न थानों — पनागर, माढ़ोताल, गढ़ा, सिहोरा, गोराबाजार, भेड़ाघाट, ग्वारीघाट, गोरखपुर आदि से चुराए गए थे। पुलिस ने इन वाहनों के मालिकों की जानकारी संबंधित थानों से प्राप्त कर ली है।

 क्राइम ब्रांच की एवं थाने की संयुक्त कार्यवाही से सफलता 

इस पूरे अभियान में अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी में पनागर, शहपुरा और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार संयुक्त रूप से कार्य कर रही थीं।

उल्लेखनीय भूमिका

कार्रवाई को अंजाम देने में अपराध थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक धनंजय सिंह, प्रधान आरक्षक सत्यसेन, मन्नू सिंह, वीरेंद्र सिंह, आरक्षक राजेश मिश्रा, त्रिलोक पारधी एवं थाना पनागर के थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार, उप निरीक्षक ओ.एस. मसराम, प्रधान आरक्षक हरिशंकर गुप्ता तथा थाना शहपुरा के प्रभारी प्रवीण धुर्वे, उप निरीक्षक महेंद्र जाटव, सहायक उप निरीक्षक आलोक सिंह, दिनेश सिंह, आरक्षक प्रमोद पटेल, विकास कुमार, ताराचंद, गौरव सोनी, रोहित सिंह और चालक आरक्षक राहुल गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।



---

No comments:

Post a Comment