ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के अवधपुरी कॉलोनी की घटना, आरोपी युवती गिरफ्तार
प्रथम टुडे जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत अवधपुरी कॉलोनी में रविवार शाम एक दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली घटना सामने आई। एक युवती ने अपनी ही सहेली पर कथित रूप से तेज़ाब फेंक दिया, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से झुलस गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय पीड़िता अपने घर पर थी।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे पीड़िता शारदा दास अपने घर में मौजूद थी, तभी उसकी सहेली इशिता साहू उसके घर पहुंची और गेट पर आकर आवाज लगाई। जैसे ही शारदा गेट पर पहुंची, इशिता ने कथित रूप से अपने पास मौजूद प्लास्टिक की बोतल से तेज़ाब फेंक दिया, जो शारदा के चेहरे और ऊपरी शरीर पर पड़ा। तेज़ जलन के कारण शारदा चीख पड़ी और परिजन तुरंत घर से बाहर आ गए। पड़ोसियों ने भी चीख सुनकर मौके की स्थिति देखी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद इशिता मौके से भाग गई, हालांकि कुछ लोगों ने उसे भागते हुए देखा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक की गई तलाश के बाद इशिता को हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आ रही है कि इशिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं शारदा को गंभीर अवस्था में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, शारदा करीब 45 से 50 प्रतिशत झुलस गई हैं, और उसका चेहरा बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
फिलहाल ग्वारीघाट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी जानने का प्रयास कर रही है कि हमले की पृष्ठभूमि क्या थी, और आरोपी युवती के पास तेज़ाब कैसे आया।

No comments:
Post a Comment